ABC News: अगर सब कुछ ठीक रहा तो नवरात्र से कानपुर में मेट्रो अपने अंडरग्राउंड रूट पर दौड़ती हुई नजर आएगी. इसको लेकर मेट्रो प्रबंधन सारी तैयारियां कर चुका है और इस समय अंडरग्राउंड रूट के पांचों स्टेशनों पर अंतिम दौर का कार्य चल रहा है. अंडरग्राउंड रूट को लेकर अब मेट्रो अफसरों की निगाहें सीएमआरएस की रिपोर्ट और एनओसी पर लगी हैं.
माना जा रहा है कि अगले चार दिनों में सीएमआरएस की तरफ से एनओसी देने की सारी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया जाएगा. रविवार को कानपुर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा भी इस दिशा में काफी अहम हो गया है. सीएम योगी चुन्नीगंज स्टेशन का जायजा लेने के साथ अंडरग्राउंड रूट पर मेट्रो की सवारी कर सकते हैं. हालांकि, इसका कार्यक्रम अभी तय नहीं है लेकिन चुन्नीगंज स्टेशन पर एक मेट्रो इसके लिए रखी जाएगी. इसके बाद जैसे ही तारीख तय होती है, उस दिन संभावना जताई जा रही है कि पीएम मोदी वर्चुअल ढंग से मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का शुभारंभ कर सकते हैं. शुभारंभ के मौके पर सीएम योगी भी कानपुर में रहेंगे.हालांकि, इनको लेकर अभी कोई अधिकाधिक जानकारी सामने नहीं आयी है.
डीएम ने कन्वेंशन सेंटर, मेट्रो का लिया जायजा
रविवार को कानपुर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है. सीएम योगी के दौरे से एक दिन पहले डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने चुन्नीगंज कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इसके साथ ही मेट्रो के अंडरग्राउंड कार्यों का भी डीएम ने जायजा लिया. आपको बता दें कि रविवार को सुबह 11 बजे सीएम योगी कानपुर आएंगे. यहां से वह चुन्नीगंज कंवेंशन सेंटर, मेट्रो आदि का निरीक्षण करेंगे और बाद में सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में जनप्रतिनिधियों और अफसरों के साथ बैठक करेंगे. माना जा रहा है कि अप्रैल के माह में पीएम मोदी वर्चुअल ढंग से मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का शुभारंभ कर सकते हैं. चर्चाएं इस बात की भी हैं कि इसी दौरान कंवेंशन सेंटर का भी लोकार्पण किया जा सकता है. इन्हीं कयासों के बीच सीएम योगी का रविवार का दौरा काफी अहम माना जा रहा है. इसके बाद वह बिठूर महोत्सव के समापन समारोह में भी हिस्सा लेंगे.

