ABC News: कानपुर में पहली बार आयोजित देश की सबसे बड़ी सिटी लीग ‘कानपुर प्रीमियर लीग’ का करीब डेढ़ लाख दर्शकों ने ग्रीनपार्क में बैठकर लुत्फ उठाया. केपीएल के सफल आयोजन से उत्साहित नजर आ रहे गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर का कहना है कि भविष्य में इसमें टीमों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी लेकिन अगले दो साल फिलहाल इन्हीं छह टीमों के बीच केपीएल के अगले सीजन का आयोजन होगा.

केपीएल के आयोजन के बाद सभी आफिशियल्स के प्रति अपना धन्यवाद अर्पित करते हुए गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इसे काफी समर्थन मिला है. जल्द ही ब्रॉडकास्टिंग के आंकड़े भी सामने आ जाएंगे. ऐसे में उनकी यह जिम्मेदारी है कि आने वाले वर्षों में इस फॉर्मेट को मजबूती से स्थापित करना है, जिसके बाद इसमें टीमों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी. उन्होंने बताया कि पूरे कानपुर ने इस उत्सव को सेलीब्रेट किया और अपनी भागीदारी किसी न किसी माध्यम से दर्ज करायी. बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद रमेश अवस्थी, सीएम योगी के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी, सभी विधायक, पुलिस, प्रशासन समेत सभी विभागों के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि अब ग्रीनपार्क को फिर से उसके पुराने मुकाम पर पहुंचाना है और इसके लिए सभी सामूहिक रूप से प्रयास करेंगे.

