ABC News: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में मंगलवार को ट्रेन पर फायरिंग की गई. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बलूचिस्तान के माच क्षेत्र में हथियारबंद लोगों ने बोलन जिले के पास क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर हमला कर दिया. हमले में कई ट्रेन के चालक समेत कई यात्री घायल हो गए हैं. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है. रेलवे के मुताबिक नौ कोच वाली ट्रेन में 500 यात्री सवार हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन यात्रियों को बंधक बना लिया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बलूचिस्तान सरकार ने आपातकाल लागू कर दिया है.

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने एक बयान में कहा, “क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर पेहरो कुनरी और गदालार के बीच भारी गोलीबारी की खबरें आईं.” इस बीच, रेलवे कंट्रोलर मुहम्मद काशिफ ने बताया कि नौ डिब्बों वाली इस ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे. रेलवे कंट्रोलर ने कहा, “ट्रेन को टनल नंबर 8 में हथियारबंद लोगों ने रोक लिया. यात्रियों और कर्मचारियों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं.” चट्टानी इलाके के कारण अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. पाकिस्तान के न्यूज चैनल जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बाताया कि हमलावरों ने रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया और बाद में यात्रियों को ले जा रही ट्रेन पर गोलीबारी की. उन्होंने बताया कि हमले के बाद ट्रेन में मौजूद सुरक्षा अधिकारियों और हमलावरों के बीच भारी गोलीबारी हुई. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया कि उसने ट्रेन को पटरी से उतारकर उस पर कब्जा कर लिया. छह सुरक्षाकर्मियों की हत्या कर दी और सक्रिय ड्यूटी कर्मियों सहित 100 से अधिक यात्रियों को हिरासत में ले लिया. बीएलए ने चेतावनी दी कि यदि पाकिस्तानी सेना ने कोई अभियान शुरू किया, तो सभी बंधकों को मार डाला जाएगा.

एक्स पर वायरल एक दूसरी पोस्ट में बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता जेयदं बलूच की ओर से दावा किया गया कि बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने जाफर एक्सप्रेस पर कब्जा करने के बाद 182 लोगों को बंधक बना लिया है. अब तक ग्यारह पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए हैं और एक ड्रोन भी मार गिराया गया है. जाफर एक्सप्रेस पर बीएलए के लड़ाकों का पूरा नियंत्रण है. बंधकों में पाकिस्तानी सेना, पुलिस, ISI और ATF के सक्रिय-ड्यूटी कर्मी शामिल हैं, जो सभी छुट्टी पर यात्रा कर रहे थे. नागरिक यात्रियों, विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बलूच नागरिकों को सुरक्षित रूप से रिहा कर दिया गया है और उन्हें एक सुरक्षित मार्ग दिया गया है. बीएलए ने चेतावनी दी है कि यदि सैन्य हस्तक्षेप जारी रहा, तो सभी बंधकों को मार दिया जाएगा. ऑपरेशन का नेतृत्व मजीद ब्रिगेड, STOS, फ़तह स्क्वाड और BLA की ज़िराब यूनिट कर रही है और किसी भी सैन्य कार्रवाई का निर्णायक जवाब दिया जाएगा. हालांकि इन दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है

