ABC News: कानपुर प्रीमियर लीेग के शुरूआती मैच में जिन दो टीमों में रोमांच के चरम पर पहुंची भिड़ंत सुपर ओवर तक गई थी, सेमीफाइनल में एक बार फिर से आमने-सामने आयी उन्हीं दोनों टीमों में इस बार एकतरफा मैच देखा गया. इस बार सीसामऊ सुपर किंग्स ने आरएलएल गंगा बिठूर को एकतरफा मुकाबले में मात देते हुए न केवल केपीएल के फाइनल में जगह बनाई बल्कि पहले मैच में सुपर ओवर में मिली हार का बदला भी ले लिया. सीसामऊ सुपर किंग्स ने कप्तान आदर्श सिंह की शानदार पारी की बदौलत गंगा बिठूर को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी.

सीसामऊ सुपर किंग्स के गेंदबाजों की तरह उनके बल्लेबाज भी शानदार प्रदर्शन करते रहे. बल्लेबाजी की अगुवाई ऑरेंज कैप होल्डर कप्तान आदर्श सिंह रहे. जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए शानदार 94 रन बनाए. इसके अलावा देवाशीष श्रीवास्तव एक रन बनाकर नाबाद लौटे. एकमात्र विकेट सार्थक लोहिया का गिरा, जिन्होंने शानदार 44 रन बनाए.इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गंगा बिठूर की शुरूआत बेहतर नहीं रही और पहले दो ओवरों में उसे लगातार दो झटके लगे. आरएलएल गंगा बिठूर के ओपनर बल्लेबाज शुभम चौधरी और इसके बाद आए प्रनब वोहरा, दोनो ही शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौट गए. इन दोनों का विकेट क्रमश: सत्यम पांडेय और किशन कुमार ने लिया.

इसके बाद सीसामऊ के गेंदबाज कसी हुई गेंदबाजी करते हुए गंगा बिठूर के नियमित अंतराल पर विकेट गिराते रहे. गंगा बिठूर की तरफ से एक बार फिर कप्तान प्रशांत अवस्थी ने शून्य के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 61 रनों की पारी खेली. टीम के दूसरे टॉप स्कोरर आकाश त्रिवेदी 34 रहे. इसके अलावा सागर शर्मा ने 22 रनों का योगदान दिया. निर्धारित 20 ओवर में गंगा बिठूर की टीम ने आठ विकेट खोकर 139 रन बनाए. बाकी टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई संख्या तक नहीं पहुंच पाया. एसएसके की तरफ से एक बार फिर ध्रुव प्रताप सिंह ने सर्वाधिक चार विकेट लिए. इसके अलावा किशन कुमार, अभिनव शर्मा, सत्यम पांडेय ने एक-एक विकेट लिया.

