ABC News: कानपुर में किदवईनगर से यशोदानगर जाने वाले मार्ग पर एच ब्लॉक सबस्टेशन के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां पर टायर पंचर बनाने वाली दुकानों में आग लग गई. आग कैसे लगी, इसको लेकर स्पष्ट जानकारी तो नहीं मिल पायी लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
यहां पर लगी आग थोड़ी ही देर में इतनी भयावह हो गई कि करीब पांच किलोमीटर दूर से उसका धुआं उठता हुआ देखा गया. इस दौरान किदवईनगर से यशोदानगर जाने वाले मार्ग पर राहगीरों की भीड़ लग गई. आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर एक तरफ का यातायात बंद कराकर राहगीरों को सुरक्षित करने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि आग की वजह से यहां पर टायरों में हवा भरने वाले सिलेंडर में धमाका भी हुआ, जिससे और ज्यादा दहशत फैल गई. सीओडी एरिया की जमीन पर चल रही टायर दुकानों में आग की जानकारी पाकर वहां के सुरक्षाकर्मी भी मौके पर आ गए.
इसके बाद दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद यहां पर लगी आग पर काबू पाया. पुलिस के अनुसार, आग की घटना शनिदेव मंदिर केस्केा चौराहा के पास मंदिर के बगल में लगी थी. यहां पर सीओडी की जमीन पर अवैध रूप से पंचर की दुकानों का संचालन किया जा रहा था.

