ABC News: औरंगजेब की तारीफ करने पर घिरे समाजवादी पार्टी के नेता और विधायक अबू आजमी का विरोध अब कानपुर में भी शुरू हो गया है. इसको लेकर सिख वेलफेयर सोसाइटी ने गुमटी स्थित श्री गुरू गोविंद सिंह चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और सपा नेता के पुतले को आग के हवाले किया.
सपा नेता और विधायक अबु आजमी के औरंगजेब की तारीफ पर दिए गए बयान का विरोध करते हुए सिख वेलफेयर सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह छाबड़ा ने कहा कि उनका यह बयान सपा की मानसिकता को दर्शाता है क्योंकि औरंगजेब ने सिखों के नौवें गुरू श्री गुरू तेग बहादुर सिंह ही महाराज को दिल्ली की चांदनी चौक में शहीद किया था. यही नहीं, औरंगजेब के सिपहसालार वजीर खान के आदेश पर श्री गुरू गोविंद सिंह के चार साहिबजादों को दीवार में चुनवा दिया था.
उन्होंने कहा कि ऐसे आक्रांता की तारीफ करना सपा की मानसिकता का परिचायक है. इसको लेकर सपा के किसी बड़े नेता का अब तक कोई बयान भी नहीं आया है. उन्होंने कहा कि यह बांटने की राजनीति और तुष्टीकरण का काम है. ऐसे में जब तक अबु आजमी को सपा से निष्कासित नहीं किया जाता, तब तक वह लोग विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे.

