ABC News: कानपुर मेट्रो के तेजी से होते कार्य के बीच अब चुन्नीगंज से नरोना चौराहे तक सड़क निर्माण पूरा कर लिया गया है. मेट्रो अफसरों का कहना है कि अंडरग्राउंड रूट पर कार्य खत्म होने के बाद अब सड़कों की मरम्मत समेत अन्य कार्य किए जा रहे हैं. इस दौरान चुन्नीगंज स्टेशन, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा और नयागंज स्टेशन के निकट सड़कों के रेस्टोरेशन का कार्य किया गया. सड़क के साथ-साथ यहां पर फुटपाथ भी तैयार हो चुके हैं.

माल रोड के पूरी तरह बन जाने से शहर के इस प्रमुख हिस्से में यातायात को सुगम बनाने में काफी मदद मिली है. मेट्रो अफसरों का कहना है कि सड़क बनाने के बाद प्री-कास्ट मीडियन रखने का काम पूरा किया गया. मीडियन पर पेंटिंग का काम भी अब पूरा हो चुका है. इस पूरे मार्ग पर रोशनी के लिए 22-22 मीटर के अंतराल पर कुल 64 स्ट्रीट लाइट्स लगाए गए हैं.

नवीन मार्केट और बड़ा चौराहा में स्टाइलिश लुक वाले स्ट्रीट लाइट्स लगे हैं जिससे इन इलाकों की सुंदरता में चार चांद लग गया है. कानपुर मेट्रो ने इस स्ट्रेच पर सेंटर मीडियन में लगभग 720 वर्ग मीटर के क्षेत्र में पौधे भी लगा दिए हैं. चुन्नीगंज चौराहे की तरफ से मीडियन पर पौधे लगाने की शुरूआत की गई थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है.

पूरे स्ट्रेच में फीकस और फॉक्सटल पॉम के कुल मिलाकर लगभग 3700 पौधे लगाए गए हैं. इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी. पौधे लगाने के साथ ही यूपीएमआरसी द्वारा इसकी नियमित देखभाल भी की जाएगी. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कानपुर मेट्रो के परियोजना कार्य से जुड़े मार्गों पर फैल रही हरीतिमा ने शहर के सड़कों की सूरत बदल दी है.

