ABC News: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बीच शुक्रवार को भारत-चीन (तिब्बत) सीमा क्षेत्र में माणा कैंप के पास भारी हिमस्खलन हुआ है. इस दौरान वहां निर्माण कार्य में लगे 57 मजदूर बर्फ में दब गए. बताया जा रहा है कि अब तक 10 मजदूरों को निकाल लिया गया है. वहीं, तीन लोगों को आईटीबीपी व सेना की मदद से सेना अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. अन्य की तलाश जारी है. इस घटना के बाद बीआरओ और जिला प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच गए हैं.

मीडिया रिपेार्ट्स के अनुसार, इस घटना पर बीआरओ मेजर ने बताया कि मजदूरों के कैंप के पास ग्लेशियर टूटा है. इसके कारण यह घटना हुई है. हालांकि अभी कितने मजदूर दबे हैं इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हो पाई है. इस घटना के बाद चमोली में सेना और आईटीबीपी रेस्क्यू में जुट गई है. हनुमान चट्टी से आगे हाइवे बंद है. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को मौके पर रवाना कर दिया गया है. लेकिन हाईवे बंद होने के कारण वो रास्ते में फंसे हुए हैं. यही नहीं, क्षेत्र में मौसम खराब होने के चलते संचार सेवा ठप पड़ी है. चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि माणा और माणा पास के बीच हिमस्खलन होने से मजदूरों के दबने की सूचना है. एयर फोर्स से मदद मांगी जा रही है. सेना, आईटीबीपी रेस्क्यू में लगी है. एनडीआरएफ की टीम को भी मूव कर दिया गया है.

