ABC News: दो मार्च से ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुरू हो रही कानपुर प्रीमियर लीग की ट्रॉफी का अनावरण शनिवार को किया गया. ग्रीनपार्क में रंगारंग समारोह के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने केपीएल चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के साथ ट्रॉफी का अनावरण किया.

इस दौरान केपीएल चेयरमैन ने टूर्नामेंट के प्रतीक स्वरूप सीएम के मुख्य सलाहकार को एक बैट भी भेंट किया और पूरे प्रतियोगिता के बारे में बताया. पूरे देश में जिला स्तर पर पहली बार आयोजित हो रही इस तरह की प्रीमियर लीग को लेकर सीएम योगी के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी ने भी उत्साह जताया. उन्होंने कहा कि कानपुर गंगा के तट पर बसा हुआ है, ऐसे में इस टूर्नामेंट के माध्यम से यहां पर क्रिकेट की भी गंगा बहेगी और यहां के युवा टैलेंट के पास अपनी प्रतिभा को बड़े स्तर पर दिखाने का मौका होगा. उन्होंने कहा कि चूंकि वह आर्यनगर में रहते थे, ऐसे में उनका लगाव आर्यनगर की टीम के प्रति ज्यादा है लेकिन टूर्नामेंट में खेल रही सभी टीमों को वह अपनी शुभकामनाएं देते हैं. इस दौरान अवनीश अवस्थी से सभी फ्रेंचाइजी ओनर्स का भी परिचय कराया गया. यहां पर केपीएल चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के साथ एबीसी न्यूज की डायरेक्टर आंचल दुबे ने उन्हें पौधा भेंट किया.

