ABC News: ग्रीनपार्क में शुरू हुए कर्नल सीके नायडू ट्राफी के सेमीफाइनल में पंजाब ने पहले दिन अपनी बैटिंग से स्थिति को काफी मजबूत कर लिया है. यूपी के खिलाड़ियों को पूरे दिन विकेट के लिए जूझना पड़ गया. इससे पहले टॉस जीतकर पंजाब ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया.

पंजाब के ओपनर बल्लेबाज जसकरन वीर सिंह और हरनूर सिंह ने टीम को सधी शुरूआत दी लेकिन 40 के स्कोर पर हरनूर सिंह, शुभम मिश्रा का शिकार बनकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद जसकरन और कप्तान उदय शरण ने यूपी के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया. जसकरन ने जहां शानदार शतक जड़ा वहीं कप्तान उदय शरण ने भी फिफ्टी जड़ दी.पहले दिन का खेल खत्म होने तक पंजाब ने अपनी पहली पारी में एक विकेट खोकर 227 रन बना लिए हैं. पंजाब की तरफ से जसकरन 126 पर और कप्तान उदय शरण 68 के व्यक्तिगत स्कोर पर नाबाद हैं. आपको बता दें कि पूरे टूर्नामेंट में यूपी की टीम अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है.

