ABC News: नौबस्ता चौराहा से हमीरपुर के बीच लगातार बढ़ते हादसों के बाद अब इस हाइवे को सिक्स लेन करने की कवायद शुरू हो गई है. हालांकि, एनएचएआई के अफसर अभी फोर लेन का ही प्रस्ताव तैयार करने में जुटे हैं लेकिन डीएम ने इस हाइवे पर सिक्स लेन की जरूरत बताते हुए इसका प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं.

दरअसल, नौबस्ता से हमीरपुर के बीच बढ़ते हादसों के बाद डीएम ने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए अफसरों की बैठक बुलाई थी. इस बैठक में एनएच के अफसरों ने बताया कि नौबस्ता चौराहा से हमीरपुर तक लगभग 60 किलोमीटर का रोड 2016 में टू लेन बनाया गया था. इस दौरान एनएचएआई ने यहां पर जो ब्लैक स्पॉट चिंहित किए थे, उन पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की. इसको लेकर डीएम ने अफसरों पर नाराजगी जाहिर की. इसको लेकर डीएम ने संबंधित अफसरों पर एक्शन के लिए अलग से प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए. एनएच के चेयरमैन से भी लापरवाह अफसरों पर एक्शन की संंस्तुति की गई. बैठक में जिलाधिकारी ने दुर्घटना व जाम से निजात पाने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन भी किया.

हाइवे पर साईनेज और एंबुलेंस दुरूस्त रखने के साथ ओवरलोड ट्रकों पर भारी जुर्माने के निर्देश दिए. इसके लिए पुलिस को भी ट्रांसपोर्ट और खनन विभाग का सहयोग करने को कहा गया. हमीरपुर बॉर्डर पर लगे डाटा एनपीआर कैमरे का इस्तेमाल न करने पर खनन विभाग के अफसरों को भी डीएम ने फटकार लगाई. बैठक में ट्रांसपोर्ट कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि हादसों के दौरान जिन ट्रकों के पहिए जाम हो जाते हैं, उसे जल्द अनलॉक कर हटाया जाएगा. हाइवे पर धुलाई और अन्य अवैध दुकानों पर भी एक्शन के निर्देश दिए गए. हाइवे पर ई रिक्शा पर नियंत्रण के साथ सभी अस्पतालों की सूची, मोबाइल नंबर, लोकेशन आदि के साइनेज लगाने केा कहा गया.

