ABC News: कानपुर में जीटी रोड पर जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रस्तावित एलीवेटेड कॉरीडोर की कनेक्टिविटी घंटाघर से भी दी जाएगी. इससे नयागंज, कलक्टरगंज, परेड, लाटूश रोड, मेस्टन रोड, मालरोड, हरबंश मोहाल, कैंट, हूलागंज, बिरहाना रोड समेत अन्य मोहल्लों का भी चकेरी एयरपोर्ट से संपर्क हो जाएगा.

गोल चौराहा से रामादेवी चौराहा तक प्रस्तावित एलीवेटेड कॉरीडोर को लेकर गुरूवार को मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में बैठक हुई. जिसमें घंटाघर से एलीवेटेड रोड की कनेक्टिविटी को लेकर सहमति बनी. उद्योग निदेशालय में आयोजित इस बैठक में डीपीआर गठन को लेकर भी मंथन किया गया. एलीवेटेड रोड के महत्व को देखते हुए इसकी डिजाइनिंग पर भी चर्चा की गई. बताया गया कि इस रोड के बन जाने से चकेरी एयरपोर्ट और प्रयागराज जाने वाला यातायात काफी सुगम हो जाएगा और उसे जीटी रोड पर लगने वाले जाम में फंसना भी नहीं पड़ेगा. बैठक में डीपीआर के लिए गठित कंसलटेंट हेक्सा प्राइवेट ज्वाइंट स्टॉक कंपनी और टेक्नोक्रेट्स एडवाइजरी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को भी निर्देश दिए गए.

