ABC News: कानपुर मेट्रो को अंडरग्राउंड दौड़ाने की तैयारियों के बीच अब इसकी टेस्टिंग एटीपी और एटीओ मोड में चलाकर की गई है. इस दौरान टनल में एक साथ दो ट्रेनों को ले जाकर कॉलिजन टेस्ट भी किया गया. मेट्रो अफसरों का कहना है कि सीएमआरएस की एनओसी के बाद मोतीझील से सेंट्रल स्टेशन तक यात्री सेवा की शुरूआत की जाएगी. इन सबके बीच अंडरग्राउंड रूट पर सिग्नलिंग, ट्रैक्शन, ट्रैक, रोलिंग स्टॉक, पावर सप्लाई आदि से जुड़ी टेस्टिंग प्रक्रियाएं लगातार की जा रही है. मेट्रो अफसरों ने बताया कि अत्याधुनिक और नवीनतम तकनीक से लैस कानपुर मेट्रो ट्रेनें ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन (एटीओ) मोड में कम्यूनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंटोल सिस्टम (सीबीटीसी) सिग्नलिंग प्रणाली से चलतीं हैं.
इस मोड में संचालन से जुड़ी अधिकतर क्रियाएं ऑटोमेटिक होने की वजह से किसी भी प्रकार की मानवीय भूल से दुर्घटना की संभावना लगभग ना के बराबर हो जाती है. हाल ही में टनल के अंदर दो ट्रेनों को ले जाकर सफलतापूर्वक उनका कॉलिजन टेस्ट भी किया गया. कॉलिजन टेस्ट में दो ट्रेनों को एक साथ एक टनल के अंदर ले जाकर एक-दूसरे से टक्कर जैसी स्थिति को निर्मित किया गया. इस दौरान एक-दूसरे से निश्चित दूरी तक पहुंचने पर ट्रेन ऑपरेटर के हस्तक्षेप के बिना ही ट्रेनों में ऑटोमेटिक ब्रेक लग गई. उन्होंने बताया कि ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन मोड पर टेस्टिंग से पहले ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन मोड पर भी ट्रेनों का परीक्षण किया जा चुका है.

सिग्नलिंग से संबंधित पीको टेस्ट, पार्शियल एक्सेपटेंस टेस्ट, सिस्टम एक्सेपटेंस टेस्ट आदि किए जा चुके हैं. सिस्टम एक्सेपटेंस टेस्ट में ट्रेन को सिग्नलिंग सिस्टम के अनुसार चलाकर देखा जाता है. इसके बाद मैप वेरिफिकेशन टेस्ट किया गया, जिसमें ट्रैक के साथ लगे उपकरणों जैसे टीआरए सिग्नल, एक्सेल काउंटर आदि के सॉफ्टवेयर लोकेशन को वास्तविक लोकेशन के साथ वेरीफाई करने के बाद सॉफ्टवेर को अपग्रेड करने की प्रक्रिया पूरी की गई.

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से निर्देश प्राप्त करने के लिए इस प्रक्रिया का सटीक तरीके से पूरा होना जरूरी है. ओसीसी से मिले निर्देशों के जरिये ही आपात परिस्थितियों में भी ट्रेनों का सुरक्षित संचालन और प्रबंधन सुनिश्चित किया जाता है. इसी तरह रोलिंग स्टॉक के अंतर्गत ब्रेक सिस्टम, बॉगी सिस्टम, कपलर सिस्टम, व्हील और एक्सेल की टेस्टिंग की गई. सभी प्रकार के टेस्ट से जुड़े परिणामों का विश्लेषण इंटर्नल सेफ्टी ऑडिट में किया गया, जिसमें विदेश की एजेंसियों की भी राय ली गई है.

