ABC News: सीएम ग्रिड योजना के तहत बनने वाली एक और सड़क को लेकर विरोध शुरू हो गया है. घंटाघर से परेड चौराहा होते हुए ग्रीनपार्क चौराहा तक 28 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क को लेकर नगर निगम के सर्वे ने स्थानीय व्यापारियों के अंदर हड़कंप मचा दिया है.
सोमवार को इसको लेकर जब नगर निगम की टीम ने सर्वे किया तो यहां पर बड़ी संख्या में व्यापारी जुट गए. व्यापारियों का आरोप था कि कलक्टरगंज में सड़क किनारे जो दुकानें बनी हैं, उनके फुटपाथ पर बने पिलर भी इसकी सीमा में आ रहे हैं. ऐसे में अगर पिलर को उखाड़ा जाएगा तो उनका निर्माण कैसे सुरक्षित रहेगा. 100 साल से ज्यादा पुराने यहां पर मकान और दुकान हैं. इस दौरान सड़क पर आए व्यापारियों ने जाम लगा दिया तो उन्हें समझाने के लिए नगर निगम के जोनल अधिकारी विद्यासागर यादव, अधिशाषी अभियंता दिवाकर भास्कर आदि पहुंच गए.
यहां पर योजना के पूरे प्लान के साथ व्यापारियों के बीच चर्चा की गई. बताया गया कि योजना की जद में एक होटल भी आ रहा है. मालिक का कहना है कि उनका होटल फ्री होल्ड जमीन पर बना है, नक्शा भी केडीए से पास है, ऐसे में अगर उनके होटल को नुकसान पहुुंचेगा तो वह लोग कहां जाएंगे.
इस दौरान व्यापारियों ने इस सड़क को योजना से हटाने की भी मांग की. बताया गया कि यहां की मोती बिल्डिंग में 200 परिवार आ रहे हैं, वह भी योजना की जद में आ रही है. आरोप लगाया गया कि नगर निगम अधिकारी कुछ बताने की स्थिति में ही नहीं है.
हालांकि नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि योजना को लेकर काफी समय से उनका सर्वे चल रहा है, इसके स्टेक होल्डर्स की मीटिंग भी हो चुकी है. किसी के व्यापार को प्रभावित नहीं किया जाएगा. पूरी योजना में चरणबद्ध ढंग से काम होगा.

