ABC News: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया. वानखेड़े में अभिषेक शर्मा ने ऐसा तूफान लाया कि उसकी जद में आया इंग्लैंड का हर गेंदबाज उड़ता हुआ दिखाई दिया. अभिषेक ने पहले महज 17 गेंद में पचासा जड़ दिया. इसके बाद महज 37 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया. अपनी इस शतकीय पारी में अभिषेक शर्मा ने 10 गगनचुंबी छक्के और पांच चौके मारे.

अभिषेक ने तूफानी बैटिंग से इंग्लैंड टीम की हालत खराब कर दी. उन्होंने भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे तेज शतक जमाया है. उन्होंने 37 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है. उन्होंने 35 गेंदों पर ये काम किया था. अभिषेक ने इस मैच में पावरप्ले में 58 रन बनाए. इसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल मैच में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. अपनी तूफानी पारी से अभिषेक ने यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ ये रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले अभिषेक ने महज 17 गेंदों पर पचासा जड़ दिया. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. अभिषेक ने इस मामले में केएल राहुल को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2021 में स्कॉटलैंड में 18 गेंदों पर पचासा जड़ा था.

