ABC News: कानपुर में लगातार गर्म होता मौसम वैज्ञानिकों से लेकर किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें बढ़ा रहा है. हालत यह है कि फरवरी की दूसरी तारीख में ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है. इसको लेकर रविवार को दिन में लोग गर्म कपड़ों से भी परहेज करते हुए नजर आए.
गौरतलब हो कि जनवरी के शुरूआती दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है, हालांकि, सुबह और शाम को ठंड का असर देखा जा रहा है. मौसम के इस असामान्य रूप के पीछे ग्लोबल वॉर्मिंग को विशेषज्ञ जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. उनका कहना है कि अब औसत से अधिक तापमान देखने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि इस बार लगातार पश्चिमी विक्षोभ आते रहे, जिसकी वजह से हवाओं में निरंतरता नहीं बन पायी, जिससे ठंडक का असर कम होता गया. ला नीना का प्रभाव भी आने वाले दिनों में कम होगा, लिहाजा इस बार गर्मी की शुरूआत समय से पहले हो सकती है. इन सबके बीच रविवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. जबकि न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.

