ABC News: कानपुर में निर्माण कार्यों में किस तरह से धांधली बरती जा रही है, इसका नजारा अब सामने आने लगा है. सरसैयाघाट में मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण में खेल पकड़ने के बाद शुक्रवार केा डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने रावतपुर में निर्माणाधीन पशु चिकित्सा पॉलीक्लीनिक का जायजा लिया, तो यहां भी ऐसा काम मिला, जो सवालों के घेरे में रहा.
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यहां पर जो आवास बनाए गए हैं. उनकी तरफ जाने वाली सीसी सड़क को ही पानी का पाइप ले जाने के लिए काट दिया गया. इस पर डीएम ने कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई. निरीक्षण के दौरान पता चला कि जो आवास बनाए गए हैं, उन्हें बने अभी केवल डेढ़ साल का ही वक्त हुअआ है लेकिन इनकी दीवारों के प्लास्टर अभी से गिरने लगे हैं. आवास के सेकेंड फ्लोर से निकलने वाले पाइप में जंग लगी हुई मिली. यही नहीं, दीवाल पर जो पेंट लगाया जा रहा था, उसी से पाइप को भी पेंट कर दिया गया.पानी से भी पानी रिसता हुआ पाया गया. इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने पूरे निर्माण कार्य पर जांच बैठा दी है. डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ईश्वर देव नारायण चतुर्वेदी, पीडब्यूडी के भवन निर्माण खंड के सहायक अभियंता राहुल सिंह की संयुक्त कमेटी बनाते हुए कार्यों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं.
ग्रीनपार्क हॉस्टल निर्माण में भी पायी गई खामियां
ग्रीनपार्क हॉस्टल के निर्माण में भी काफी कमियां पायी गई हैं. ग्रीनपार्क में निर्माणाधीन हॉस्टल का जब डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया तो कई कमियां पायीं.आपको बता दें कि ग्रीनपार्क में इस समय 80 बेड के हॉस्टल का निर्माण चल रहा है. तय समयसीमा से लेट चल रहे निर्माण कार्य का जब डीएम ने यहां पर जायजा लिया तो खिलाड़ियों के लिए जो अलमारी बनाई गई थी, उसके दरवाजों की मोटाई तय सीमा से कम मिली.इसके अलावा दरवाजों की क्वालिटी भी सही नहीं पायी गई. डीएम ने बताया कि जो डोर पैनल यहां पर लगाए गए हैं, वह भी खराब क्वालिटी के हैं. जिन अधिकारियों पर इसके निरीक्षण की जिम्मेदारी थी, उन्होंने भी लापरवाही बरती और आज तक कमियों पर एक नोटिस तक नहीं जारी किया.
इससे नाराज डीएम ने यहां पर जिम्मेदार अफसरों और ठेकेदारों पर नाराजगी जताई. साढ़े चार करोड़ की लागत से हो रहे हॉस्टल के निर्माण पर डीएम ने जांच बैठाते हुए जल्द से जल्द रिपेार्ट देने को कहा है. हालांकि, डीएम के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार कमियों को ठीक कराने की बात करते रहे लेकिन डीएम ने दो टूक कहा कि जांच में लापरवाही सामने आयी तो एक्शन जरूर लिया जाएगा.

