ABC News: नवाबगंज स्थित मैनावती मार्ग पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही जीडी गोयनका स्कूल की बस अचानक पलट गई. स्कूल बस के पलटने से अंदर बैठे बच्चों में चीखपुकार मच गई. इस पर आसपास रहने वाले लोग अपने घरों से निकलकर बाहर आए और बस के अंदर से बच्चों को सुरक्षित निकाला.
इस बीच, सूचना पर एडीसीपी सेंट्रल के साथ नवाबगंज पुलिस भी पहुंच गई. इस दौरान पुलिस ने घायल बच्चों और शिक्षिकाओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को उनके घर के लिए रवाना कर दिया गया. पुलिस की पूछताछ में स्कूल बस के ड्राइवर ने बताया कि जिस समय वह टीचर और बच्चों को लेकर जा रहा था, तभी मैनावती मार्ग पर सामने से अचानक एक महिला आ गई.
महिला को बचाने के चक्कर में ड्राइवर नेर् स्कूल बस को दाहिने तरफ घुमाया, जिस पर उसकी कमानी टूट गई और अनियंत्रित होकर बस पलट गई. जिसके बाद यहां पर चीखपुकार मच गई. एडीसीपी सेंट्रल राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में सात बच्चे और एक टीचर घायल हुए, जिसमें मामूली उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
हादसे के बाद क्रेन बुलाकर स्कूल बस को सड़क किनारे लगाया गया. हादसे की वजह से बच्चों के चेहरे पर काफी देर तक दहशत देखी गई.

