ABC News: कानपुर के घाटमपुर स्थित पतारा की स्टेट बैंक आफ इंडिया में उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां पर तमंचे और पेचकस से लैस एक बदमाश ने लूट का प्रयास किया.
बताया जा रहा है कि हथियाबंद बदमाश सुबह स्टेट बैंक पतारा की ब्रांच में घुस गया और लूट के प्रयास में पहले उसने यहां पर तैनात गले के गार्ड में धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया. यह देखकर यहां पर मौजूद बैंक कर्मियों में अफरातफरी मच गई. जब तक कोई कुछ समझता, तब तक बदमाश ने अपने हमले से बैंक मैनेजर और कैशियर को भी घायल कर दिया.
अफरातफरी के बीच बैंक कर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर युवक को दबोच लिया. इस बीच, गार्ड के वार से हमलावर युवक बेहोश हो गया, तो बैंक कर्मियों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया. इसके बाद बैंक मैनेजर ने घटना की सूचना पुलिस को दी. ब्रांच मैनेजर वीरेंद्र ने बताया कि इस दौरान बदमाश का तमंचा, पेचकस और चाकू वहीं पर गिर गए.
जानकारी मिलते मौके पर पहुंची घाटमपुर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से पतारा सीएचसी पहुंचाया. जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत में सिक्योरिटी गार्ड को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि बैंक मैनेजर और कैश अफसर कानपुर निजी अस्पताल गए है.
घाटमपुर पुलिस का कहना है कि लुटेरे को हिरासत में लेकर अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है. घटना की जांच की जा रही है.

