ABC News: खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की अटकलें इस समय लगाई जा रही हैं. इन्हीं अटकलों के बीच पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली अपनी पत्नी और फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा व दोनों बच्चों के साथ प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे. कोहली और अनुष्का शर्मा का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. गौरतलब हो कि हाल ही में खत्म हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्राफी में विराट कोहली का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. ऐसे में अटकलें तेज हो गई हैं कि कोहली टेस्ट से संन्यास का एलान कर सकते हैं.
खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें उन्हें वृंदावन के प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेते देखा जा सकता है. वीडियो में विराट और अनुष्का के साथ उनकी बेटी वामिका और बेटा अकाय भी दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो को प्रेमानंद महाराज के यू ट्यूब चैनल भक्ति मार्ग पर अपलोड किया गया है और इसे देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं. इस दौरान विराट ने उन्हें घुटनो के बल लेटकर प्रणाम किया. जबकि अनुष्का शर्मा ने महाराज को दंडवत प्रणाम किया. अनुष्का ने संत से आशीर्वाद स्वरुप प्रेम और भक्ति की मांग की.वृन्दावन के लोकप्रिय संत हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से मुलाकात करने और उनके दर्शन के लिए अक्सर ही देश की बड़ी-बड़ी हस्तियां पहुंचती है. विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज के पास दूसरी बार पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने विराट अनुष्का से हाल चाल पूछा. इसके बाद अनुष्का ने कहा, ‘पिछली बार जब हम आए थे तो मन में कुछ सवाल थे. और मुझे लगा कि पूछूंगी लेकिन वहां जो भी बैठा था उन सबने कुछ ना कुछ उसी तरह का सवाल आपसे किया. और जब मैं आपसे मन ही मन बातें कर रही थी मेरे जो भी सवाल थे. अगले दिन में एकांतिक वार्तालाप देखती थी तो कोई ना कोई वो सवाल पूछ लेता था. बॉलीवुड एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘आप बस मुझे प्रेम और भक्ति दे दो’. प्रेमानंद महाराज ने दोनों को आशीर्वाद देते हुए उनकी तारीफ भी की. संत ने कहा, ‘बहुत बहादुर है ये लोग (विराट कोहली और अनुष्का शर्मा). संसार का यश सम्मान प्राप्त होने पर भक्ति की तरफ मुड़ पाना बहुत कठिन होता है. हमें लगता है कि विशेष प्रभाव आपका इनके ऊपर भक्ति का पड़ेगा. भक्ति से ऊपर कुछ नहीं है. नाम जाप करो, खुश रहो. और खूब प्रेम से रहो. खूब आनंद से रहो’

