ABC News: यूपी-उत्तराखंड की महिला विधायकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सीख देते हुए कहा कि महिलाएं जिस तरह से अपने परिवार को व्यवस्थित ढंग से संचालित करती हैं, ऐसे ही समाज में विकास के मामले में अपना उदाहरण प्रस्तुत करें.

बिठूर में कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन की तरफ से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिला जनप्रतिनिधियों से कहा कि कोई कार्यकाल कितना लंबा चला, इसे कोई याद नहीं रखता, लेकिन कितने कम समय में प्रभावी ढंग से विधायिका के मंच का उपयोग करते हुए आपने अपनी छाप छोड़ी, उसे याद रखा जाता है. उन्होंने कहा कि जब अपना प्रभाव छोड़ेंगी, तो जब आने वाली दूसरी पीढ़ी विधायिका में आएगी और विधानसभा की प्रोसीडिंग में आपके वक्तव्य देखेगी तो उसे भी गर्व महसूस होगा.

उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्ष में विधानसभा नए-नए प्रयोग के लिए जानी जा रही है. विधानसभा पेपरलेस भी हो सकती है. सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र है. भारतीय लोकतंत्र में सबको उपासना पद्धति से लेकर हर क्षेत्र में स्वतंत्रता है. भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं को 1952 में वोट का अधिकार दिया, जबकि इसके बाद इंग्लैड जैसे देशों ने महिलाओं का यह अधिकार दिया. इस दौरान यूपी में हुए कार्यों की चर्चा और केंद्र प्रदेश की योजनाओं में महिलाओं की प्रधानता का भी उन्होंने जिक्र किया. उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि विधायिका में महिलाओं का प्रतिनिधित्व तब बढ़ेगा, जब वह स्वयं अपने विवेक से समाज से जुड़ी योजनाओं में निर्णय लेंगी.

