ABC News: किदवईनगर में बाबा कुटी चौराहे से आकर्षण गेस्ट हाउस तक बनने वाली सीएम ग्रिड योजना को लेकर एक बार फिर विरोध शुरू हो गया है. आपको बता दें कि इसके पूर्व सीएम ग्रिड योजना में चयनित इस सड़क का विरोध यहां के व्यापारियों ने किया था, इस बार विरोध की कमान स्थानीय नागरिकों ने संभाली.
सीएम ग्रिड रोड योजना में चयनित इस सड़क का विरोध करते हुए स्थानीय नागरिक शनिवार को सड़क पर आ गए और नारेबाजी करते हुए कुछ देर तक जाम लगा दिया. स्थानीय नागरिकों का कहना था कि नगर निगम की तरफ से सीएम ग्रिड रोड योजना में जो नपाई की गई है, वह उनके घरों तक आ रही है. ऐसे में जब यह सड़क बनेगी तो यहां पर हादसों का खतरा बना रहेगा. स्थानीय लोग अपने वाहन कहां पर खड़ा करेंगे, इसको लेकर भी सवाल उठाए गए.
विरोध की अगुवाई कर रहे आशीष कुमार मिश्र ने कहा कि इस सड़क की जगह किसी अन्य सड़क को सीएम ग्रिड रोड योजना में शामिल किया जाए. इसके अलावा प्रदूषण बढ़ने की भी आशंका जताई गई, इस बीच, यहां पर पहुंचे भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने भी स्थानीय लोगों से बातचीत की. उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि 31 दिसंबर को विधायक महेश त्रिवेदी की अगुवाई में विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ बैठक होगी, जिसमें मामले का हल निकाला जाएगा.

