ABC News: सीसामऊ नाले में गिरकर हुई बच्ची की मौत के बाद नगर निगम का अमला जागा है. महापौर की सख्ती के बाद शुक्रवार को जब यहां पर नगर निगम अफसरों ने दलबल के साथ बुलडोजर चलाया तो हड़कंप मच गया. अभियान की शुरूआत बकरमंडी स्थित स्लाटर हाउस के पास से हुई. यहां पर नाले के आसपास बड़ी संख्या में लोगों ने अवैध कब्जा कर पक्के निर्माण तक बना लिए थे.
अभियान के दौरान ऐसा भी देखने को मिला कि यहां पर बसाई गई बस्ती में लोगों के घर बिजली के कनेक्शन तक नहीं हैं लेकिन उनके घरों से एसी तक निकले. बताया जा रहा है कि यहां पर केस्को के खंभों से कटिया लगाकर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी भी की जा रही थी. मामले की नजाकत को भांपते हुए पूरे अभियान की कमान खुद महापौर प्रमिला पांडेय ने संभाली और नगर निगम अफसरों के साथ बस्ती के अंदर तक गईं. इस दौरान उन्हेंने अतिक्रमणकारियों को जल्द से जल्द अपने अवैध कब्जों को खाली करने के भी निर्देश दिए.
इस दौरान यहां पर भारी संख्या में फोर्स मौजूद रहा. महापौर ने कहा कि जितने भी अवैध कब्जे हैं, सब हटाए जाएंगे. उन्होंने बताया कि बजरिया से वीआईपी रोड तक पूरा अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान महापौर ने खुद सामने खड़े होकर अवैध निर्माणों को अपने सामने गिरवाया.
महापौर प्रमिला पांडेय ने विधायक नसीम सोलंकी को लौटाया
सीसामऊ नाले में गिरकर बच्ची की मौत के बाद शुक्रवार को नगर निगम ने इसके आसपास हुए कब्जे हटाने के लिए जब अभियान चलाया, तो एक समय ऐसा भी आया, जब महापौर और विधायक नसीम सोलंकी का आमना सामना हो गया. मगर, इस बार महापौर किसी की सुनने को तैयार नहीं दिखीं. दरअसल, जैसे ही बकरमंडी के पास महापौर प्रमिला पांडेय पूरे लाव लश्कर के साथ नाले के किनारे हुए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू करने लगीं. उसके थोड़ी ही देर बाद मौके पर विधायक नसीम सोलंकी पहुंच गईं, यहां पर विधायक नसीम सोलंकी ने महापौर ने कई बार अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह की मोहलत दिए जाने की मांग की लेकिन महापौर ने विधायक को दो टूक कह दिया कि एक हफ्ता तो क्या वह अतिक्रमणकारियों को एक सेकेंड भी नहीं देंगी. नाले में गिरकर एक बच्ची की मौत हुई है. ऐसे में वह किसी की नहीं सुन सकेंगी. महापौर ने कहा कि मामला इतना संवेदनशील है कि अब नाले के किनारे हर अवैध कब्जे को हटाया जाएगा. इसके बावजूद विधायक नसीम सोलंकी बार बार महापौर से समय देने की बात कहती रहीं लेकिन महापौर ने उन्हें नसीहत देते हुए बाद में वापस कर दिया.

