ABC News: लोकसभा में ‘संविधान के 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा’ पर चर्चा में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमारे संविधान निर्माता ये नहीं मानते थे कि भारत में 1947 में संविधान आया है. हम सिर्फ विशाल लोकतंत्र नहीं हैं, बल्कि हम लोकतंत्र की जननी हैं. भारत का लोकतंत्र बहुत समृद्ध रहा है.

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “जब देश संविधान के 25 बरस पूरे कर रहा था तो इसे नोंच लिया गया, देश में आपातकाल लगाया गया. देश को जेलखाना बना दिया गया. प्रेस पर ताला लगा दिया गया. दुनिया में जब जब लोकतंत्र की चर्चा होगी तब कांग्रेस के इस कलंक की चर्चा होगी.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं किसी की व्यक्तिगत आलोचना करना नहीं चाहता हूं, कांग्रेस के एक परिवार ने संविधान को चोट पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. 55 साल एक ही परिवार ने राज किया इसलिए देश को ये अधिकार हैं कि देश में क्या क्या हुआ. हर स्तर पर इस परिवार ने संविधान को चुनौती दी है. जब देश के संविधान 50 साल हुआ तब मुझे भी मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला था. जब 60 साल हुआ तब हाथी पर संविधान की गौरवशाली यात्रा निकाली गई थी.” पीएम मोदी ने कहा, “पंडित नेहरू ने 1951 में मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी कि अगर संविधान हमारे रास्ते के बीच में आ जाए तो हर हाल में संविधान में परिवर्तन करना चाहिए.”

नरेंद्र मोदी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू पर अभिव्यक्ति की आजादी छीनने का आरोप लगाते हुए कहा, “संविधान संशोधन का ऐसा खून कांग्रेस के मुंह पर गया कि कांग्रेस इसका बार बार शिकार करती रही. कांग्रेस इसकी मूल भावना को बार बार लहूलूहान करती रही. जो बीज देश के पहले पीएम ने बोया था, उसे खाद पानी देने का काम किया इंदिरा गांधी ने. 1971 में सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला आया और संविधान में संशोधन करके इसे पलट दिया गया. अदालत के सारे अधिकारों को छीन लिया गया था. इस काम को अंजाम श्रीमति इंदिरा गांधी ने किया था.” पीएम मोदी ने कहा, “इंदिरा गांधी ने अपनी ही कुर्सी बचाने के लिए आपातकाल लगा दिया. उन्होंने संविधान का गला तो घोंटा ही, इसके अलावा संविधान का 39 वां संशोधन कर दिया.”पीएम मोदी ने कहा, “जो परंपरा नेहरू जी ने शुरू की, जिसको इंदिरा जी ने आगे बढ़ाया, राजीव गांधी ने संविधान को एक और गंभीर झटका दे दिया. समानता के भाव को चोट पहुंचाई. भारत की महिला को न्याय देने का काम संविधान की मर्यादा के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने दिया था लेकिन राजीव गांधी ने वोटबैंक की खातिर संविधान की भावना को बलि चढ़ा दिया और कट्टरपंथियों के आगे सिर झुका दिया.” पीएम मोदी ने कहा, “मनमोहन सिंह जी ने कहा था कि ‘मुझे यह स्वीकार करना होगा कि पार्टी अध्यक्ष सत्ता का केंद्र है.’ सरकार पार्टी के प्रति जवाबदेह है. इतिहास में पहली बार संविधान को ऐसी गहरी चोट पहुंचा दी गई. नेशनल एडवाइजरी काउंसिल को पीएमओ के ऊपर बैठा दिया गया.” पीएम मोदी ने राहुल गांधी को अहंकारी बताया. उन्होंने कहा, “एक अहंकारी व्यक्ति ने कैबिनेट के फैसले को फाड़ा और कैबिनेट ने अपना फैसला बदल दिया था. एक अहंकारी व्यक्ति कैबिनेट के निर्णय को फाड़ दे और कैबिनेट अपना फैसला बदल दे ये कौन-सी व्यवस्था है. कांग्रेस ने निरंतर संविधान की अवमानना किया है. संविधान के महत्व को कम किया है. मैं वहीं कह रहा हूं जो संविधान के साथ अब तक हुआ है.”

पीएम मोदी ने कहा कि संविधान में लोगों के नाम ढूंढने वालों को मैं बता दूं कि कांग्रेस के अध्यक्ष सीताराम केसरी जो अति पिछड़े समाज से आते थे, उनका अपमान किया गया. उनको बाथरूम में बंद कर दिया गया. फुटपाथ पर फेंका गया. पूरी कांग्रेस पर एक परिवार ने कब्जा कर लिया. लोकतंत्र को नकार दिया. संविधान के साथ खिलवाड़ करता कांग्रेस की रगों में रहा है. हमारे लिए संविधान कर पवित्रता और शुचिता सर्वोपरि है. हमने 13 दिन सरकार चलाई. सरकारों को अस्थिर करने के लिए खेल खेले गए. सरकार बचाने के लिए वोट खरीदे गए. 90 के दशक में कई सांसदों को रिश्वत देने का पाप किया गया. कांग्रेस के लिए सत्ता सुख, सत्ता की भूख यही उसका इतिहास और वर्तमान है. पीएम ने कहा कि जिन्होंने अपनी पार्टी के संविधान को स्वीकार नहीं किया है. इनकी शुरुआत ही गड़बड़ हुई है. 12 कांग्रेस की प्रदेश की कमेटियों ने सरदार पटेल के नाम पर सहमति दी थी. नेहरु जी के साथ एक भी कमेटी नहीं थी. संविधान के तहत सरदार साहब ही देश के प्रधानमंत्री बनते. लेकिन लोकतंत्र में श्रद्धा नहीं, खुद के ही संविधान को नहीं माना. इसलिए सरदार जी प्रधानमंत्री नहीं बने और ये बैठ गए. जो लोग अपनी ही पार्टी के संविधान को नहीं मानते, वे देश के संविधान को कैसे स्वीकार कर सकते हैं. पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान की लगातार अवमानना की है. संविधान के महत्व को कम किया है. संविधान के साथ धोखेबाजी की गई. 35ए संसद में आए बिना देश पर थोप दिया. 35 ए न होता तो जम्मू-कश्मीर में ऐसे हालात न होते. इस पर संसद को अंधेरे में रखा गया. उनके पेट में पाप था. बाबा साहब आंबेडकर के प्रति भी कांग्रेस में कटुता भरी थी. कांग्रेस ने आंबेडकर जी का स्मारक भी नहीं बनवाया. हमने बाबा साहब मेमोरियल बनाया. आरक्षण को धर्म के आधार पर तुष्टिकरण के नाम पर नुकसान पहुंचाया.इसका नुकसान एससी-एसटी ओबीसी को हुआ. कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने आरक्षण का विरोध किया है. इसके विरोध में लंबी-लंबी चिट्ठियां लिखी हैं. सदन में आरक्षण के खिलाफ भाषण दिए गए. कांग्रेस गई तब ओबीसी को आरक्षण मिला. कांग्रेस ने सत्ता सुख और वोट बैंक के लिए धर्म और संप्रदाय के आधार आरक्षण का खेल खेला. 2014 के बाद एनडीए ने संविधान को मजबूत किया.पुरानी बीमारियों से हमने मुक्ति का अभियान चलाया. हमने देश की एकता के लिए संविधान संशोधन किए. ओबीसी के लिए सम्मान के लिए हमने संविधान संशोधन किया. समाज के दबे, कुचले लोगों के साथ खड़े होना हमारा कर्तव्य है. हमने सामान्य जन को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया. हमने महिलाओं को शक्ति दी. हमने देश की एकता के लिए संविधान संशोधन किया. हमने डंके की चोट पर धारा 370 को हटाया. हमने सीएए लाया. हमने जो किया उस पर हमें गर्व है. पीएम मोदी ने कहा कि यहां जुमले की बहुत बातें होती हैं। इस देश का सबसे बड़ा जुमला था- गरीबी हटाओ. यह इतना बड़ा जुमला था कि गरीबी की बातें तो होती थीं, लेकिन उनके लिए कांग्रेस को एक टॉयलेट बनाने की फुरसत नहीं थी. हमने इस काम को हाथ में लिया और पूरा किया. उसका मजाक उड़ाया गया, लेकिन लोगों की गरिमा के लिए उस काम में हम डिगे नहीं. इसलिए वो काम पूरा हो रहा है. इस देश की जनता पीने के साफ पानी के लिए परेशान रही. ये काम भी हमने समर्पण भाव से आगे बढ़ाया है. हमने महिलाओं को धुएं से मुक्ति देकर सिलिंडर दिए. हम मुफ्त राशन दे रहे हैं. उसका मजाक न उड़ाएं. हम गरीबी से लोगों को बाहर ला रहे हैं. गरीब ने बैंक का दरवाजा नहीं देखा था. हमने उनके बैंक खाते खुलवाए. पीएम मोदी ने लोकसभा में कहा कि जिनको कोई नहीं पूछता, उनको मोदी पूजता है. हमने दिव्यांगों की चिंता की. हमने दिव्यांगों के लिए कॉमन साइन भाषा बनाई. घूमंतू लोगो को बॉन्ड दिए. रेहड़ी-पटरी वालों को हमने स्वनिधि योजना से लोन दिया. विश्वकर्मा कल्याण के लिए योजना बनाई.ट्रांसजेंडर के अधिकारों के लिए हमने काम किया. आदिवासी समाज के लिए हम पीएम जनमन योजना लाए. मोदी आखिरी को भी पूजता है. देश में 60 साल में 100 बैकवर्ड जिले घोषित किए गए थे. हमने इसे बदला. हमने पांच सौ ब्लॉक को बदला है.पीएम ने सदन के सामने 11 संकल्प रखे. पहला संकल्प नागरिक और सरकार अपने कर्तव्यों का पालन करे. दूसरा संकल्प हर क्षेत्र और समाज को विकास का लाभ मिले. तीसरा संकल्प भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस हो. भ्रष्टाचारी की सामाजिक स्वीकार्यता न हो. चौथा संकल्प देश के कानून, नियम और परंपरा के पालन में देश के नागरिक में गर्व का भाव हो. पांचवां संकल्प गुलामी की मानसिकता से मुक्ति हो. छठवां संकल्प देश की राजनीति को परिवारवाद से मुक्ति मिले. सातवां संकल्प संविधान का सम्मान हो. राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान को हथियार न बनाया जाए. आठवां संकल्प आरक्षण न छीना जाए. धर्म के आधार पर आरक्षण की हर कोशिश पर रोक लगे. नौवां संकल्प वीमेन लेड डवलपमेंट में भारत दुनिया के लिए मिसाल बने. दसवां संकल्प राज्य के विकास से राष्ट्र का विकास हो. 11 वां संकल्प एक भारत श्रेष्ठ भारत का ध्येय सर्वोपरि हो. इसी संकल्प के साथ हम मिलकर आगे बढ़ते हैं तो संविधान की भावना पूरी होगी. देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा तो विकसित भारत के साथ मनाएगा.

