ABC News: कानपुर में साल 2021 में गाली गलौच के एक मामले में सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने एमपीएमएलए कोर्ट में सरेंडर किया. बाद में न्यायालय ने उन्हें इस मामले में जमानत प्रदान कर दी.
बताया जा रहा है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक प्रशांत दुबे ने वर्ष 2021 में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के खिलाफ गाली गलौज व जान माल की धमकी देने के मामले में बिठूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने बताया कि मामला कानपुर अलीगढ़ हाईवे चौड़ीकरण से जुड़ा है, जिसमें उनकी फैक्ट्री और कुछ अन्य निर्माणों को बगैर नोटिस और मुआवजे के ढहा दिया गया था. इस मामले में एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने तत्कालीन डीएम को पत्र लिखा था, जिसके बाद तत्कालीन डीएम के आदेश पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गई थी. इस मामले में एमपी/एमएलए लोअर कोर्ट के न्यायाधीश आनंदेश सिंह की कोर्ट से सम्मन जारी किया गया था, जिस पर अमिताभ बाजपेई ने गुरुवार को कोर्ट में समर्पण कर जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया और कोर्ट ने सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत प्रदान कर दी. सपा विधायक ने बताया कि अब सात तारीख को मामले की अगली सुनवाई होगी.

