ABC News: एक देश एक चुनाव को लेकर चल रही कवायद के बीच पूर्व राष्ट्रपति ने इसके विधेयक को गेमचेंजर के रूप में बताया है. कानपुर में पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक के घर पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने यहां पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन को लेकर सरकार को सर्वानुमति बनानी पड़ेगी.
इसके लिए सभी राजनीतिक दलों से बातचीत करनी होगी, क्योंकि यह किसी राजनीतिक दल के हित का नहीं बल्कि देश के हित का मुद्दा है. पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि यह बिल गेमचेंजर के रूप में साबित हो सकता है क्योंकि भारत की अर्थव्यवस्था वर्तमान में छह से सात प्रतिशत के आसपास है. पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि अर्थशास्त्री भी इस बात को मानते हैं कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद जीडीपी में एक से डेढ़ प्रतिशत तक बढ़ जाएगी. गौरतलब हो कि इस बात की चर्चाएं इस समय जोरों पर है कि संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार एक देश एक चुनाव को लेकर विधेयक पेश कर सकती है. कहा यह भी जा रहा है कि सरकार विधेयक पर आम सहमति भी बनाना चाहती है. ऐसे में पूर्व राष्ट्रपति का यह बयान और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है.

