ABC News: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मंगलवार दोपहर को कानपुर पहुंचे. चकेरी एयरपोर्ट में उतरने के बाद यहां पर उनका स्वागत प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरूण और अजीत पाल ने किया.

इसके अलावा मंडलायुक्त अमित गुप्ता, पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार, डीएम राकेश कुमार सिंह आदि अफसरों ने पूर्व राष्ट्रपति का स्वागत किया. पूर्व राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी सरिता कोविंद भी कानपुर पहुंची हैं. इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने स्थानीय अफसरों से कानपुर के विकास को लेकर चर्चा की. बताया जा रहा है कि शहर के एंंट्री प्वाइंट्स के सुंदरीकरण को लेकर भी उन्होंने पूछा. जिस पर अफसरों ने बताया कि एंट्री प्वाइंट्स का विकास कार्य कराया जा रहा है.

एयरपोर्ट से सर्किट हाउस आते समय रास्ते में मैस्कर घाट की तरफ से निकल रही एंबुलेंस को देखकर पूर्व राष्ट्रपति की फ्लीट को भी रोक दिया गया. एंबुलेंस के निकलने के बाद पूर्व राष्ट्रपति की फ्लीट यहां से निकल सकी. गौरतलब हो कि तीन दिवसीय दौरे पर कानपुर पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बुधवार को सर पदमपत सिंहानिया स्कूल में जेके ग्रुप के 140 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोह में हिस्सा लेंगे. इसके बाद गुरूवार को वह कानपुर देहात में अपने पैतृक गांव परौंख भी जाएंगे.

