ABC News: कानपुर में भाजपा नेता रवि सतीजा और उसके व्यापारी दोस्त ध्रुव गुप्ता के खिलाफ नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है. दोनों आरोपियों के खिलाफ बर्रा थाने में यह रिपोर्ट दर्ज हुई है.

रिपोर्ट दर्ज कराने वाली हनुमंत विहार थानाक्षेत्र निवासी महिला का कहना है कि उसकी बहन जनवरी माह में काम ढूढ़ रही थी, इसी दौरान उसकी मुलाकात ध्रुव गुप्ता नाम के युवक से हुई. उसने सचान चौराहे स्थित होटल सोना मेंशन के मालिक रवि सतीजा से परिचित होने की बात कहकर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया. बातचीत में कमरों की साफ सफाई का काम तय हुआ और उसे दो दिन होटल में बुलाया गया. आरोप है कि काम समझाने के लिए रवि सतीजा उसे एक कमरे में ले गया और और फिर वहीं शराब पीना शुरू कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि उसे भी शराब पीने को कहा गया लेकिन उसने मना कर दिया. तभी ध्रुव कमरे में आया और दोनों आरोपियों ने मिलकर उनकी बहन के साथ अश्लीलता शुरू कर दी. इसके बाद जबरन उसके कपड़े उतारकर दुष्कर्म का प्रयास किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की. किसी तरह उसने खुद को उनके चंगुल से बचाया और बाहर निकल आई. इसके बाद राहगीर की मदद से वह घर पहुंची और आप बीती सुनाई. पीड़िता की बहन के मुताबिक घटना के अगली शाम जब उनकी बहन घर सब्जी लेकर घर जा रही थी, तो कार से आए रवि ने उन्हें धमकाया. आरोप है कि रवि ने गाजी गलौज कर तेजाब डालने की धमकी दी. पीड़ित परिवार का कहना है उसने बर्रा थाने में कई बार शिकायत की लेकिन हर बार पुलिस ने टरका दिया. इसके बाद कोर्ट में गुहार लगाई. बर्रा थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
