ABC News: काकादेव थाना क्षेत्र के कोचिंग मंडी में चल रहे हॉस्टल में छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि नवीननगर स्थित हॉस्टल के रूम में रहकर छात्र जेईई मेंस की तैयारी कर रहा था. मृतक छात्र की पहचान वाराणसी निवासी संतोष गुप्ता के पुत्र उत्कर्ष गुप्ता के रूप में हुई.

सुबह जब काफी देर तक वह नजर नहीं आया, तो हॉस्टल में रहने वाले अन्य स्टूडेंट्स ने उसके मोबाइल पर कॉल की लेकिन किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिली. अनहोनी की आशंका में काकादेव पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. सूचना पर मौके पर जब काकादेव पुलिस पहुंची तो उत्कर्ष के रूम का दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत का रूम का दरवाजा तुड़वाया. अंदर जाकर देखा तो उत्कर्ष का शव बाथरूम में पड़ा था. इसके बाद पुलिस उसे हैलट अस्पताल ले गई. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, मृतक उत्कर्ष गुप्ता नवीन नगर स्थित हॉस्टल में रहकर जेईई मेंस की कोचिंग कर रहा था. उसके पिता मुजफ्फरनगर में प्राइवेट नौकरी करते हैं. सूचना पाकर परिजन भी कानपुर पहुंच गए. आशंका जताई जा रही है कि छात्र की मौत हार्ट अटैक से हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम से मौत की सही वजह पता लगेगी.

