ABC News: संभल की जामा मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार को बड़ा रूप ले लिया. मस्जिद पर हरिहर मंदिर होने का दावा किए जाने के बाद यहां दोबारा सर्वेक्षण के दौरान हंगामा और जमकर पथराव किया गया. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया. इस बीच, संभल में हुए उपद्रव में दो युवकों की मौत की खबर आ रही है.

गौरतलब हो कि रविवार सुबह करीब छह बजे संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई के साथ एक सर्वे टीम जामा मस्जिद पहुंची. इस दौरान कोर्ट कमिश्नर रमेश राधव की अगुवाई में मस्जिद का सर्वे शुरू हुआ. जैसे ही मस्जिद पर सर्वे की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली, मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मस्जिद के बाहर जमा हो गए. मुस्लिम समाज के लोगों ने सुबह-सुबह छुट्टी के दिन सर्वे पर आपत्ति जताई. जल्द ही मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और नाराज भीड़ ने पुलिस को रोकने का प्रयास किया.

पुलिस के समझाने के बावजूद भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया. पत्थर लगने से कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. इसके बाद मौके पर तैनात पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की. स्थिति काबू से बाहर होने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े.

पथराव और हंगामे के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. प्रशासन ने जामा मस्जिद के चारों ओर बैरिकेडिंग कर इलाके को सील कर दिया है. इस बीच कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह और डीआईजी मुनिराज जी मौके पर पहुंच गए हैं.

अधिकारियों ने अदालत की कार्रवाई का हवाला देते हुए सभी से संयम बरतने की अपील की है. इस बवाल में डिप्टी कलेक्टर रमेश बाबू भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. संभल शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

