ABC News: सीसामऊ विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने जीत दर्ज की है. सपा के सबसे मजबूत किलों में शुमार सीसामऊ में सेंध लगाने का भाजपा का प्रयास यहां पर फलीभूत नहीं हो पाया. नसीम सोलंकी ने यहां पर भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी को 8629 वोटों से हराया.

सुबह आठ बजे जब नौबस्ता गल्ला मंडी में मतगणना शुरू हुई तो पहले ही राउंड में सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने 2351 वोटों से बढ़त बना ली. हालांकि, इसके बाद दूसरे और तीसरे राउंड की जब मतगणना हुई तो एक बार भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी उनसे आगे निकले, लेकिन इसके बाद चली राउंड वार मतगणना में नसीम सोलंकी लगातार सुरेश अवस्थी पर बढ़त बनाती रहीं. मतगणना के नवें राउंड में स्थिति ऐसी रही कि नसीम सोलंकी ने सुरेश अवस्थी पर 30,694 वोट की बढ़त बना ली. इसके बाद 20वें राउंड तक दोनों प्रत्याशियों में वोटों का अंतर कभी बढ़ता तो कभी घटता रहा. मतगणना के शुरूआती रूझानों तक भाजपा के कैंप में जहां उत्साह दिखा लेकिन जैसे जैसे राउंडवार रिजल्ट आता रहा, वैसे ही भाजपा के कैंप में सन्नाटा छाता रहा. इस बीच, सपा के कैंप में जरूर उत्साह देखा गया और समर्थक जश्न मनाते रहे. 20वें राउंड की मतगणना के बाद जो परिणाम सामने आए, उसमें नसीम सोलंकी को 69,666 वोट मिले. जबकि भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी को 61037 वोट मिले. बसपा प्रत्याशी बीरेंद्र शुक्ला ने 1409 वोट हासिल किए हैं. बसपा समेत अन्य प्रत्याशियों की यहां पर जमानत जब्त हो गई.

