ABC News: कानपुर के रूमा-भौंती फ्लाईओवर पर लगातार दूसरे दिन हादसा हो गया. यहां पर फ्लाईओवर पर खड़े वाहन को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई. गौरतलब हो कि एक दिन पहले भी चकेरी में इसी तरह के हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी.

बताया जा रहा है कि हमीरपुर के मुस्करा बिहुनी निवासी उदयभान गांव के ही परिचालक बबलू के साथ डंपर में ईंट लादकर लखीमपुर से मुस्करा जा रहे थे. इस दौरान फ्लाई ओवर पर श्यामनगर के आगे प्रताप होटल के पास डंपर में कुछ खराबी आ गई. इस पर उदयभान और बबलू नीचे उतरकर उसे ठीक कर रहे थे. तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला ने डंपर में टक्कर मार दी. इससे डंपर के नीचे घुसकर काम कर रहे परिचालक बबलू की पहिये के नीचे कुचलकर मौत हो गई. वहीं पीछे से टक्कर मारने वाले ट्राला के चालक बिहार के रोहताश गोरारी तेंदुआ निवासी उपेंद्र कुमार सिंह की भी मौत हो गई. हादसे के बाद फ्लाई ओवर पर लंबा जाम लग गया. सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने हाईड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को हटवाने का प्रयास किया, तो डंपर में बैठा चालक उदयभान भी हाईड्रा का तार टूटने से घायल हो गया. किसी तरह से पुलिस ने वाहनों को किनारे करवाकर जाम खुलवाया. पुलिस का कहना है कि कोहरे की वजह से हादसा हुआ है. मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

