ABC News: सीसामऊ उपचुनाव को लेकर ग्वालटोली में जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर एक बार फिर तंज कसा.अखिलेश यादव की जनसभा में खाली कुर्सियों को लेकर कहा कि वहां कुर्सियां खाली पड़ गईं लेकिन यहां पर कुर्सियां ही कम पड़ गईं. उन्होंने कहा कि सीसामऊ सीट पर गुंडे को टिकट न देते, तो यहां उपचुनाव नहीं कराना पड़ता. 22 वाला मौका 24 में फिर मिला है. पूरी तरह से बदला लेना है.

डिप्टी सीएम ने कहा लखनऊ तक चर्चा है कि सपा की लुटिया डूबने जा रही है. सपा की साईकल को पंचर कर जनता उसे सैफई के गैराज में भेजना चाहती है. सपा मुखिया पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सारे अपराधी गुंडों के मुखिया अखिलेश यादव हैं. डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कानपुर में कभी दंगा नहीं हुआ. अब गुंडागर्दी की राजनीति नहीं हो विकास और सुशासन की राजनीती होंगी. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें जीतने के बाद उन्हे अहंकार हो चुका था लेकिन हरियाणा के चुनाव के बाद गुब्बारे की हवा निकल चुकी है. कहा कि 2047 तक अखिलेश यादव मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे. सपा की नैया को डुबोने का यही समय है. डिप्टी सीएम ने कहा कि महाराष्ट्र और झारखण्ड में भी हमारी सरकार बनने जा रही है.

सीएम पद गंवाने के बाद अखिलेश मेरे पीछे पड़े: केशव
सुप्रीम कोर्ट के बुलडोजर पर आए फैसले को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किसी टिप्पणी से इनकार किया है लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि वह लोग सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं. सीसामऊ विधानसभा के बनाए गए मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि बुलडोजर कोई बीजेपी का नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है उसका अध्ययन किया जाएगा लेकिन अगर कोई कानून से खिलवाड़ करेगा, तो कानून अपने हिसाब से काम करेगा. सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल में जबसे अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के सीएम के पद से हटे हैं तबसे उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव और सपा नेता शब्दों की मर्यादा तक भूल जाते हैं. इसमें सदन मे उनके स्वर्गीय पिता पर टिप्पणी हो या फिर सोशल मीडिया पर किए जाने वाले कमेंट, पूरी तरह से उनके खिलाफ सपा अभियान चलाती है. उन्होंने कहा कि जैसे पीएम मोदी के लिए राहुल गांधी शब्दों का उपयोग करते हैं, वैसे अखिलेश और पूरी फैमिली उनके खिलाफ अभियान चलाती है. इस दौरान कानपुर में अखिलेश यादव की जनसभा के दौरान खाली पड़ी कुर्सियों को लेकर भी उन्होंने चुटकी ली.

