ABC News: टॉफी खाने के शौकीन बच्चों के साथ उनके पैरेंट्स के लिए यह खबर चौंकाने वाली है. बर्रा के जरौली फेस वन में एक चार साल के बच्चे की जान टॉफी खाने की वजह से चली गई. बताया जा रहा है कि बच्चे ने जैसे ही टॉफी खाई, वह जाकर उसके गले में फंस गई. इस दौरान वह करीब तीन घंटे तक तड़पता रहा. परिजन उसे एक अस्पताल से लेकर दूसरे अस्पताल दौड़ते रहे लेकिन इस बीच बच्चे ने तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया. बच्चे की मौत के बाद नाराज परिजनों ने टॉफी कंपनी मालिक के खिलाफ एक्शन की मांग की है.

जरौली फेस वन में रहने वाले राहुल कश्यप ने बताया कि उसके चार साल के बेटे अन्वित ने मोहल्ले की एक दुकान से किंडर जॉय की तरह बिकने वाली फ्रूटोला टॉफी खरीदी थी. अन्वित ने इसे जैसे ही खाया, वह जाकर उसके गले में फंस गई. थोड़ी बाद अन्वित को सांस लेने में तकलीफ होने लगी. बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन भी घबरा गए और उसे पानी पिलाया लेकिन बच्चे को ज्यादा आराम नहीं मिला.

इसके बाद घबराए माता पिता उसे लेकर बर्रा के एक अस्पताल पहुंचे, यहां पर इलाज न मिलने पर उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया. करीब तीन घंंटे की इस दौड़भाग में बच्चे ने तड़प तड़पकर दम तोड़ दिया. बच्चे के पिता का कहना है कि वह एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल दौड़ते रहे लेकिन डॉक्टर न होने की वजह से बच्चे को इलाज नहीं मिला.

सोमवार सुबह बर्रा पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंची लेकिन परिजनों ने बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया. वहीं, बच्चे की मौत के बाद जिस दुकान से टॉफी ली गई थी, वह दुकानदार भी दुकान बंद कर भाग गया. परिजनों ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

