ABC News: हैलट अस्पताल में इंटरलैमिनर इंडोस्कोपिक सर्जरी के एक मरीज की स्पाइन में स्लिप डिस्क का सफल ऑपरेशन किया गया है. इस सर्जरी को उन मरीजों के लिए वरदान बताया जा रहा है, जिनमें डायबिटीज, मोटापे और हृदय संबंधी बीमारियों की वजह से बेहोशी का खतरा ज्यादा होता है.

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की प्रवक्ता डॉ. सीमा द्विवेदी ने बताया कि हैलट अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग में पिछले दिनों एक 45 वर्षीय मरीज आया, जिसने चार महीने से लगातार कमर दर्द की शिकायत की. इस पर जब मरीज की एमआरआई जांच कराई गई तो पता चला कि उसकी स्पाइन की सबसे नीचे की डिस्क बाहर निकल कर नसों को दबा रही थी. उन्होंने बताया कि सामान्यतः इसके ऑपरेशन में पीठ में 2-3 इंच का चीरा लगता है और मरीज़ को कई दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ता है लेकिन एंडोस्कोप के जरिए अब इस प्रकार की जटिल सर्जरी आसान हो गई है. मरीज का ऑपरेशन करने वाले न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ अमित गुप्ता का कहना है कि इंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी में एक सेंटीमीटर से कम के चीरे के जरिए रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन संभव है. इस विधि में मांसपेशियों एवं हड्डियों को भी काटना नहीं पड़ता है, उनको फैलाकर ही दूरबीन को अंदर तक ले जाते हैं. इस विधि से ऑपरेशन के दौरान रक्तस्राव भी बहुत कम होता है. यही नहीं, मरीज़ को ऑपरेशन के तुरंत बाद चलाया जा सकता है और एक से दो दिन में ही उसकी अस्पताल से छुट्टी की जा सकती है. उन्होंने बताया कि जिन मरीज़ों को हृदय की समस्याओं की वजह से बेहोशी के ख़तरे ज़्यादा होते हैं, उनमें बिना बेहोश किए भी लोकल एनेस्थीसिया में इंडोस्कोपिक सर्जरी की जा सकती है. ऑपरेशन के बाद दर्द की दवाइयों की भी कम ज़रूरत पड़ती है और मरीज़ जल्द ही अपने काम पर वापस जा सकता है.
इन मरीजों के लिए है वरदान
यह तकनीक उन मरीजों के लिए वरदान है, जो डायबिटीज, मोटापा या फिर हार्ट की समस्या से जूझ रहे हैं. इसके अलावा इंडोस्कोपिक स्पाइन विधि दर्द से पीड़ित उन रोगियों के लिए एक बेहतर समाधान है, जो एक सक्रिय जीवन शैली में तेज़ी से वापसी चाहते हैं. खिलाड़ियों, प्रोफेशनल कर्मी जैसे सुरक्षाकर्मी, पायलट, मॉडलिंग में जुड़े व्यक्तियों एवं सीनियर सिटीज़न के लिए यह विधि काफी कारगर है. रीढ़ की हड्डी की टीबी में एंडोस्कोप के जरिए नसों के ऊपर से पस को निकाल कर दबाव कम किया जा सकता है, जिससे आगे के इलाज में आसानी होती है. डॉक्टरों ने बताया कि समय के साथ साथ स्पाइन एवं दिमाग़ की अन्य बीमारियों में भी एंडोस्कोप का उपयोग बढ़ रहा है. जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला का कहना है कि आयुष्मान कार्ड धारक और सामान्य जनता हैलट अस्पताल में इस तरह की नवीनतम सर्जरी की सुविधाओं का लाभ ले सकती है.
