ABC News: पुणे टेस्ट में टीम इंडिया से काफी उम्मीदें थीं. बेंगलुरू में पहला टेस्ट मैच हारने के बाद भारतीय टीम प्रबंधन ने पुणे में स्पिन ट्रैक भी तैयार कराया लेकिन यहां पर कीवियों का शिकार करने के चक्कर में टीम इंडिया अपने ही बुने जाल में फंस गई. इस मैच में फैंस को भारतीय टीम से वापसी की काफी उम्मीदें थीं, लेकिन रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ऐसा करने में नाकाम रही.

न्यूजीलैंड ने पुणे टेस्ट जीतने के साथ ही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. बेंगलूरू में खेला गया पहला मुकाबला कीवी टीम ने आठ विकेट से अपने नाम किया था. पहले मैच में जहां टीम इंडिया कीवी तेज गेंदबाजों के आगे धराशाई हुई, तो दूसरे टेस्ट में स्पिनर्स ने भारतीय बल्लेबाजों की बोलती बंद कर दी. पुणे में जीत के लिए मिले 359 रन के लक्ष्य के जवाब में टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी में 245 रन पर सिमट गई और साथ ही सीरीज भी गंवा दी. भारतीय टीम अपने घर में 12 साल बाद कोई टेस्ट सीरीज हारी है. इसी के साथ घरेलू जमीन पर लगातार 17 टेस्ट सीरीज जीतने के बाद जीत का यह सिलसिला टूट गया. पिछली बार टीम इंडिया को 2012-13 में इंग्लैंड ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया था. उसके बाद भारत ने लगातार 17 सीरीज जीतीं.

हालांकि, न्यूजीलैंड ने अब टीम इंडिया को हराकर यह सिलसिला तोड़ दिया. किसी ने नहीं सोचा था कि कीवी टीम भारतीय सरजमीं पर इतना प्रभावशाली प्रदर्शन करेगी. पहला टेस्ट जीतने के साथ ही न्यूजीलैंड ने 36 साल बाद भारत में कोई टेस्ट मैच जीता था. अब उसने पहली बार भारत में कोई टेस्ट सीरीज अपने नाम की है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 1955 में खेला गया था और 69 साल के दोनों देशों के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार न्यूजीलैंड की टीम ने भारतीय सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीती है. भारत ने अपने घर में लगातार दो टेस्ट गंवाए हैं. यह भी 2012 के बाद पहली बार है जब टीम इंडिया ने घरेलू सरजमीं पर लगातार दो टेस्ट गंवाए हैं.

2012 में इंग्लैंड ने भारत को चार मैचों की सीरीज में वानखेड़े में खेले गए दूसरे और ईडन गार्डेन्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में हराया था. साल 2000 से लेकर अब तक यानी 25 साल में यह तीसरी बार है जब टीम इंडिया अपने घर में लगातार दो टेस्ट हारी हो. न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से पहले दक्षिण अफ्रीका ने ऐसा किया था. उसने साल 2000 में दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत को 2-0 से शिकस्त दी थी. तब अफ्रीकी टीम ने वानखेड़े और चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम इंडिया को हराया था.

