ABC News: भारतीय क्रिकेट टीम को करारा झटका लगा है. पुणे टेस्ट में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने 113 रनों से हराकर न केवल टेस्ट मैच जीता, बल्कि सीरीज पर भी कब्जा कर लिया. इसी के साथ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. सीरीज का आखिरी मुकाबला एक नवंबर से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.

शनिवार को मुकाबले के तीसरे दिन 359 रन का टारगेट चेज कर रही भारतीय टीम दूसरी पारी में 245 रन ही बना सकी. न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 255 रन बनाए. पहली पारी में कीवियों ने 259 और भारत ने 156 रन का स्कोर बनाया.मिचेल सैंटनर ने पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में 6 विकेट लिए.

गौरतलब हो कि भारतीय टीम ने 12 साल के बाद घरेलू मैदान पर कोई टेस्ट सीरीज गंवाई है. टीम को पिछली हार 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी. यही नहीं, भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट मैच में पुणे की पिच काली मिट्टी से तैयार की गई थी. पहले से अनुमान था कि स्पिन गेंदबाजों को पिच से भरपूर मदद मिलेगी, लेकिन किसने सोचा था कि भारत अपने ही जाल में फंस जाएगा.

मैच में टिम सउदी विकेट चटकाने वाले एकमात्र तेज गेंदबाज रहे, जिन्होंने पहली पारी में एक विकेट लिया था. मैच में स्पिनरों ने कुल 38 विकेट लिए और एक बल्लेबाज रन आउट हुआ. वॉशिंगटन सुंदर ने मैच में कुल 11 विकेट, रविचंद्रन अश्विन ने 5 विकेट, मिचेल सैंटनर ने 13 विकेट, ग्लेन फिलिप्स ने 3 और एजाज पटेल ने दो विकेट लिए. उनके अलावा रवींद्र जडेजा भी 3 विकेट चटकाने में सफल रहे.

