ABC News: सीसामऊ विधानसभा में लंबे चले सस्पेंस के बाद भाजपा ने अंतत: सुरेश अवस्थी के नाम का ऐलान कर दिया. नामांकन खत्म होने से एक दिन पहले जिस तरह से भाजपा ने सुरेश अवस्थी के नाम को फाइनल किया, इसको लेकर पार्टी अंदर भी काफी माथापच्ची होती रही. कहा जा रहा है कि सुरेश अवस्थी के नाम पर मुहर राष्ट्रीय स्तर के एक पदाधिकारी की सिफारिश के बाद लगी है. यह पदाधिकारी पूर्व में उत्तर प्रदेश में भी संगठन का काम देख चुके हैं.

इस बीच, सुरेश अवस्थी को दोबारा सीसामऊ में टिकट मिलने के बाद उनके समर्थक उत्साहित हैं. आपको बता दें कि सुरेश अवस्थी इसके पहले भी सीसामऊ विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि, तब वह पूर्व विधायक इरफान सोलंकी से करीब पांच हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे, इसके बाद सुरेश अवस्थी और पूर्व विधायक सलिल विश्नोई की विधानसभा बदली गईं और सुरेश को आर्यनगर से चुनाव लड़ाया गया लेकिन सुरेश अवस्थी को यहां भी हार का स्वाद चखना पड़ा. इस बार भी सीसामऊ से सुरेश और सलिल दोनों दावेदार थे लेकिन आखिर में बाजी सुरेश अवस्थी ने मारी और तमाम दावेदारों को पीछे करते हुए टिकट हासिल कर लिया. सुरेश अवस्थी के नाम के ऐलान से पहले व्यापारी नेता और पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्र के बेटे मुकुंद मिश्र का नाम भी तेजी से चला, उनके समर्थक नगर निगम में पहुंचकर ड्यूज से संबधित कार्यवाही में जुटे थे कि तभी सुरेश अवस्थी का नाम फाइनल हो गया. माना जा रहा है कि पूर्व में सीसामऊ में लड़ने की वजह से सुरेश अवस्थी की कार्यकर्ताओं के बीच में पैठ है और वह ब्राहृमण चेहरे के रूप में भी आते हैं, इसके अलावा सुरेश अवस्थी छात्र राजनीति के चेहरे के रूप में भी जाने जाते हैं. इसी तरह टिकट का ऐलान होते होते सारे समीकरण उनके पक्ष में चलते चले गए.

