ABC News: हरबंश मोहाल में एक बार फिर मेट्रो के खिलाफ आक्रोश भड़का है. इसको लेकर इलाकाई पार्षद के साथ यहां के लोग धरने पर बैठ गए हैं और मेट्रो पर तानाशाही पूर्ण काम करने का आरोप लगा रहे हैं. गौरतलब हो कि पिछले दिनों हरबंश मोहाल में दो मकान अचानक धराशाई हो गए थे और एक मकान की छत अचानक ढह गई थी.

इलाकाई लोगों का आरोप है कि मेट्रो के टनल बनाने के बाद से ही उनके मकानों कमजोर हो गए हैं. इसको लेकर कई बार मेट्रो के अधिकारियों को बताया जा चुका है लेकिन वह मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं. इलाकाई लोगों के साथ धरने पर बैठे पार्षद कौशिक बाजपेयी ने बताया कि मेट्रो अधिकारियों केा लगातार सूचना दी जा रही है, लेकिन वह अपने हिसाब से काम कर रहे हैं. एक मकान को तो आज तक लोहे के खंभो के सहारे उसे टिकाया गया है. इसके अलावा यहां पर डाली जा रही सीवर लाइन में भी मानकों का पालन न करने का आरोप लगाया गया. पार्षद का कहना है कि जलकल विभाग के अधिकारी भी मेट्रो अधिकारियों को इस बारे में आगाह कर चुके हैं लेकिन वह लोग किसी को सुनने को तैयार नहीं है.

पार्षद ने इलाके में मेट्रो की वजह से पेयजल संकट का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब विधायक अमिताभ बाजपेयी ने शासन में मामला उठाया, तो डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने यहां मुआयना कर मेट्रो अधिकारियों को फटकार लगाई थी लेकिन इसके बाद भी नतीजा वैसा ही है. इस दौरान धरने पर बैठे विधायक अमिताभ बाजपेयी ने भी मेट्रो पर लापरवाही के आरेाप लगाए.

