ABC News: लंबे समय बाद केडीए के प्रवर्तन विभाग ने एक बार फिर अवैध रूप से बनाए गए बेसमेंट के खिलाफ कार्रवाई की है,,, यह कार्रवाई इस बार चमनगंज जैसे घने इलाके में हुई. यहां पर तंग गलियों के अंदर भी तान दी गई इमारतें भी केडीए अफसरों को देखने में मिलीं. फिलहाल केडीए अफसरों ने अवैध रूप से बनाए गए चार बेसमेंट सील कर दिए हैं, इन सभी स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं.

केडीए अफसरों ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ चल रहे एक्शन में गुरूवार को विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला की अगुवाई में टीम पहले पार्षद शिब्बू अंसारी के हुंमायूं बाग स्थित मकान संख्या 88/443 में पहुंची. केडीए अफसरोें का कहना है कि यहां पर शिब्बू अंसारी ने बेसमेंट समेत चार अन्य फ्लोर अवैध रूप से बनाया गया है. मकान के बेसमेंट मेें कार्यालय का संचालन किया जा रहा था, जिसके केडीए अफसरों ने सील कर दिया. इसी तरह चमनगंज में मकान संख्या 105/590 में रहने वाले मो. आरिफ ने तो बेसमेंट समेत सात मंजिला इमारत अवैध रूप से तान रखी थी. यहां पर बेसमेंट मेें जिम का संचालन हो रहा था. यहां पर बेसमेंट में संचालित जिम को सील कर दिया गया. चमनगंज में मकान संख्या 105/242 में रहने वाले मो. आसिफ ने चार मंजिला इमारत के साथ अवैध रूप से बेसमेंट बनवाया हुआ था. यहां पर बेसमेंट में जूते चप्पल का कारखाना भी संचालित होते मिला, जिसे केडीए अफसरों ने सील कर दिया. इसके बाद केडीए अफसर मकान संख्या 105/247 पहुंचे, यहां पर रहने वाले तैयब तालिब ने अवैध रूप से बेसमेंट बनवाने के अलावा चार मंजिला इमारत खड़ी कर रखी थी. बेसमेंट में इनर वियर का कारखाना भी संचालित हो रहा था, जिसे केडीए अफसरों ने सील कर दिया

भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई!
इस दौरान चर्चा इस बात की भी रही कि कहीं यह कार्रवाई भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय की शिकायत के बाद तो नहीं हुई है. गौरतलब हो कि पिछले दिनों भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय ने केडीए उपाध्यक्ष को पत्र लिखकर घने इलाकों में अवैध रूप से चार से सात मंजिला तक तान दी गई इमारतों को लेकर शिकायत की थी और इससे गंभीर दुघर्टना की आशंका भी जताई थी.

