ABC News: भौंती में हुए एक्सीडेंट में इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स समेत पांच लोगों की मौत के तीन दिनों बाद महराजपुर में दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां पर एक तेज रफ्तार वैगन कार अपनी गति पर नियंत्रण नहीं रख पायी और आगे जा रहे ट्रक मेें घुस गई, हादसे में पुलिस विभाग में तैनात दरोगा और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई.

इस हादसे में भी कार की ठीक वैसी ही स्थिति हुई, जैसा कि भौंती हादसे में हुई थी. घटना के बाद दोनों को सरसौल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि यह हादसा महाराजपुर थानाक्षेत्र के अभयपुर गांव के सामने छिवनी नदी के पास हुआ. कानपुर से फतेहपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार अपनी गति पर नियंत्रण नहीं रख सकी और वह सड़क किनारे खड़े डीसीएम में जा घुसी. हादसे के बाद कार में बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी.

सड़क हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर सरसौल सीएचसी पहुंची, जहां युवक को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. युवक की पहचान पुलिस विभाग में सहायक उप निरीक्षक के पद पर तैनात सागर सिंह सेंगर के रूप में हुई. बताया जा रहा है कि मृतक दरोगा लखनऊ में पुलिस मुख्यालय में तैनात था,पुलिस का कहना है कि महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो पायी है

