ABC News: कानपुर में सीसामऊ विधानसभा उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के नेताओं ने बड़ा आरोप लगाया है. समाजवादी पार्टी के सीसामऊ विधानसभा प्रभारी की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को धमकाए जाने का आरोप लगाया है. डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस बूथ से लेकर अन्य स्तर के कार्यकर्ताओं को फोन कर दबाव बनाने का काम कर रही है.

सीसामऊ विधानसभा प्रभारी राजेंद्र कुमार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद, विधायक मो. हसन रूमी, पूर्व सांसद राजाराम पाल ने आरोप लगाया कि सीसामऊ में रहने वाले कार्यकर्ताओं को पुलिस के फोन पहुंच रहे हैं. इसमें पुलिस कार्यकर्ताओं के नाम, पते के साथ सपा में वह कब से शामिल हैं, इसके बारे में पूछताछ कर रही है, सपा नेताओं ने कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में दहशत फैलाकर दबाव बनाया जा रहा है, इसको लेकर वह लोग डीएम से शिकायत करने आए थे लेकिन डीएम के न मिलने पर सपा नेताओं ने यहां पर एसीएम को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग के साथ ही पर्यवेक्षक नियुक्त करने की मांग की गई है. सपा के सीसामऊ विधानसभा प्रभारी राजेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि प्रशासन सरकार के दबाव में कार्यकर्ताओं में दहशत फैलाकर चुनाव प्रभावित करना चाहता है.
