ABC News: कानपुर मेट्रो ने अपने दूसरे कॉरीडोर में भी निर्माण कार्य तेज कर दिया है और अपनी पांचवी टनल बोरिंग मशीन को उतार दिया है. करीब 4.10 किमी लंबे रावतपुर-डबल पुलिया अंडरग्राउंड सेक्शन में परियोजना की पांचवी टीबीएम मशीन ‘गोमती‘ को आज मेट्रो अधिकारियों ने लॉन्च किया. इस दौरान यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार भी मौजूद रहे.

गौरतलब हो कि मेट्रो के दूसरे कॉरीडोर में सीएसए से बर्रा आठ तक मेट्रो का संचालन होना है. इसके लिए कानपुर मेट्रो की पांचवी और कॉरिडोर-2 की पहली टीबीएम मशीन ‘गोमती‘ को रावतपुर एलिवेटेड स्टेशन के निकट बने लॉन्चिंग शाफ्ट से अप-लाइन पर लॉन्च किया गया. यह मशीन सबसे पहले रावतपुर से कंपनी बाग चौराहे की दिशा में आगे बढ़ेगी और कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक लगभग 650 मीटर लंबे टनल का निर्माण करेगी. डाउनलाइन पर टनल निर्माण के लिए आने वाले दिनों में छठे टीबीएम मशीन को भी लॉन्च किया जाएगा.

दोनो कॉरीडोर के बीच अहम होगा रावतपुर स्टेशन
रावतपुर एलिवेटेड स्टेशन के विस्तार यानी इससे जुड़कर बन रहे अंडरग्राउंड स्टेशन के निर्माण के बाद, यह स्टेशन दोनों कॉरिडोर को जोड़ने वाला अहम स्टेशन होगा. इस अंडरग्राउंड स्टेशन के निर्माण स्थल पर कुछ दिन पहले ही ‘गोमती’ टीबीएम मशीन के सभी हिस्सों को लगभग 15 मीटर गहरे लॉन्चिंग शाफ्ट में लोअर या जमीन के नीचे उतारने की प्रक्रिया पूरी की गई थी. कॉरिडोर- 2 के लगभग 4.10 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन में सबसे पहले रावतपुर से कृषि विश्वविद्यालय के निकट स्थित कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक टनल का निर्माण होगा. इसके बाद मशीनों को पुनः रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन में बने लॉन्चिंग शाफ्ट से काकादेव की दिशा में लॉन्च किया जाएगा, जहां काकादेव और डबल पुलिया होते हुए मशीन डबल पुलिया रैंप तक टनल का निर्माण करेंगी.

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि ये मशीनें ‘अर्थ प्रेशर बैलेंस’ प्रणाली के तहत काम करती हैं और शहर के बीचों-बीच, सड़कों पर चलने वाले यातायात को प्रभावित किए बिना, पूरी सुरक्षा के साथ भूमिगत टनल का निर्माण करने में सक्षम होती हैं

