ABC News: कानपुर में चल रही रामलीलाओं में रविवार को भरत मिलाप का मंचन किया गया. इसमें श्री रामलीला सोसाइटी परेड की रामलीला में दिखाया गया कि रावण का वध करने के बाद जैसे ही प्रभु श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और अन्य लोगों के साथ अयोध्या पहुंचते हैं तो पूरी अयोध्यानगरी हर्षित हो उठती है.

प्रभु श्री राम और भरत के गले लगते ही चारों भाईयों की आंखों से अश्रुधारा फूट पड़ती है. इसके बाद पूरी अयोध्यानगर हर्ष में आकर चारों भाईयों पर पुष्पवर्षा करती है और भरत जी प्रभु श्री राम को अयोध्या के राज सिंहासन तक लेकर जाते हैं.

रामलीला भवन, मेस्टन रोड में भरत मिलाप की इस लीला के बाद यहां से शोभायात्रा निकाली गई, जोकि मेस्टनरोड हालसी रोड होते हुए कलक्टरगंज पहुंची. आपको बता दें कि पूर्व के वर्षों में कलक्टरगंज में बनायी गई अयोध्यानगरी में ही भरत मिलाप होता था.

इसको लेकर मेस्टन रोड से लेकर कलक्टरगंज तक पूरी सड़क को आकर्षक सजावट और रोशनी से सजाया गया. आतिशबाजी, पुष्पवर्षा कर जगह जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया.

