ABC News: समाजवादी पार्टी से नसीम सोलंकी की प्रत्याशिता घोषित होने के बाद भाजपा ने अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है. यही वजह है कि अब तक सदस्यता अभियान में सबसे पिछड़ी चल रही सीसामऊ विधानसभा में एक बार फिर यहां के प्रभारी और प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना आए.

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नेहरूनगर में स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन किए और फिर यहां पर उन्होंने सदस्य भी बनाए. आपको बता दें कि कानपुर में अब तक चलाए गए सदस्यता अभियान में भाजपा सीसामऊ विधानसभा में सबसे ज्यादा पिछड़ी चल रही है. यह हाल तब है जबकि पूरी भाजपा का फोकस इसी विधानसभा में लगा हुआ है. यही वजह है कि जैसे ही सपा से नसीम सोलंकी की प्रत्याशिया फाइनल हुई, उसके अगले ही दिन इस विधानसभा के प्रभारी और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना यहां पहुंचे और छह स्थानों पर सदस्यता अभियान का जायजा लेते हुए नजर आए.

हालांकि, यह बात दीगर है कि जब से वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सीसामऊ विधानसभा के प्रभारी बनाए गए हैं, हर पखवारे वह यहां पर आकर विभिन्न गतिविधियों में शामिल जरूर होते हैं लेकिन गुरूवार का हुआ उनका दौरा कई मायनों में खास रहा. उन्होंने कहा कि हर कैंप में एक हजार सदस्य बनाए जा रहे है और लोग स्वेच्छा से पार्टी का सदस्य बन रहे हैं. नसीम सोलंकी को लेकर उन्होंने कुछ बोला तो नहीं लेकिन इतना जरूर कहा कि यहां की जनता तय कर चुकी है कि इस बार सीसामउ में कमल ही खिलाएंगे. हालांकि, वित्त मंत्री के जाते ही यहां पर सदस्यता अभियान भी खत्म होता नजर आया.

