ABC News: विजयनगर में मंगलवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब यहां पर एक फल दुकानदार ने नगर निगम के सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी. सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की सूचना पर उसके साथी भी मौके पर पहुंच गए. आसपास के क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था को ठप कर सफाई कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया.

इस बीच, किसी ने मारपीट और पथराव की अफवाह फैला दी. जिसकी सूचना पर फजलगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सभी को समझाकर शांत किया. इसके बाद पार्षद अरविंद यादव समेत सभी लोग फजलगंज थाने पहुंचे, जहां पर एफआईआर दर्ज करायी गई. इसके बाद नगर निगम का प्रवर्तन दस्ता भी विजयनगर पहुंच गया, जिसके बाद हड़कंप मच गया.

यहां पर फल दुकानदारों ने सड़क के दोनों तरफ कब्जा कर लिया था, इसके बाद नगर निगम के बुलडोजर ने यहां पर सड़क और फुटपाथ घेरे कब्जों को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान फल दुकानदारों ने हंगामा भी किया लेकिन दस्ते के आगे उनकी एक नहीं चली.

अवैध कब्जों पर पांच फल दुकानदारों का यहां पर चालान भी किया गया. पार्षद अरविंद यादव ने मारपीट की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि कहीं पर किसी तरह के गुम्मे नहीं चले हैं.

