ABC News: कानपुर में महिलाओं को सॉफ्ट टारगेट मानकर उनके साथ चेन स्नेचिंग करने वाले लुटेरे अब ट्रेेंड बदल रहे हैं. सूनसान इलाकों में लुटेरे अब आदमियों को भी अपना निशाना बनाकर उनके साथ चेन स्नेचिंग की वारदात कर रहे हैं.

कुछ ऐसा ही मामला मंगलवार सुबह जाजमऊ के एयरफोर्स के एक्स सर्विस मैन के साथ घटित हुआ. एयरफोर्स के एक्स सर्विसमैन अरूण कुमार गिरी सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. घर से कुछ दूरी पर ही पहुंचने पर एक बाइक पर आए दो लुटेरों ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली. चेन लूट के दौरान वह एक्स सर्विस मैन के गले में फंसी रही, जिससे उनके गले में खरोंच तक आ गई लेकिन जब तक वो संभलते, बाइक सवार लुटेरे चेन लूट कर नौ दो ग्यारह हो गए. इस बीच, शोर सुनकर आसपड़ोस के लोग भी आ गए और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची जाजमऊ पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है. गौरतलब हो कि इससे पहले भी साउथ सिटी में जब महज कुछ घंटों में एक के बाद एक चेन लूट की तीन वारदातें हुई थीं, तो किदवईनगर में भी बाइक सवार पुरूष को ही लुटेरों ने अपना निशाना बनाया था.

