ABC News: ग्रीनपार्क टेस्ट में विलेन बनी बारिश का असर तीसरे दिन भी देखा गया,, बारिश की वजह से खराब हुई आउटफील्ड की वजह से तीसरे दिन का खेल भी अंपायरों ने रद्द कर दिया. तीसरे दिन का खेल रद्द होने की वजह से सबसे ज्यादा निराशा दर्शकों में देखी गई. रविवार की छुट्टी की वजह से सुबह से ही ग्रीनपार्क में काफी संख्या में दर्शक जमा थे.

इससे पहले रातभर हुई बारिश के बाद एक बार फिर यहां पर सुबह से वही कवायद शुरू हुई, जोकि पिछले तीन दिनों से लगातार चल रह रही है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि सुबह से बारिश न होने की वजह से ग्राउंड से कवर को जल्दी हटा लिया गया. इसके बाद यहां पर तीनों सुपर सॉपर चलाकर ग्राउंड को सुखाने के लिए ग्राउंड्समैन अथक परिश्रम करते रहे. इस बीच, पहले सुबह 10 बजे अंपायरों ने ग्राउंड का निरीक्षण किया.

इसके बाद दोपहर 12 और फिर दो बजे मैदान का निरीक्षण किया लेकिन बारिश की वजह से खराब हुई आउटफील्ड को देखते हुए अंपायरों ने तीसरे दिन का खेल रद्द करने का निर्णय लिया. ग्रीनपार्क टेस्ट के लिहाज से देखा जाए तो तीन दिनोें में केवल केवल 35 ओवर का ही खेल हो पाया है और 235 ओवर का खेल बारिश की वजह से बर्बाद हो चुका है. ऐसे में बाकी बचे दो दिनों में अगर मैच होने की संभावनाएं बनती हैं तो नतीजा निकलना काफी मुश्किल माना जा रहा है.

