ABC News: ग्रीनपार्क स्टेडियम में बांग्लादेश के साथ टीम इंडिया का दूसरा और अंतिम टेस्ट का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया. दोपहर में हुई तेज बारिश की वजह से अंपायरों ने पहले दिन के खेल का रद्द कर दिया. बारिश से प्रभावित मैच के पहले दिन बांग्लादेश की टीम ने 35 ओवर मेें तीन विकेट खोकर 107 रन बना लिए हैं. वहीं, भारतीय टीम से तेज गेंदबाज आकाशदीप ने दो और आर अश्विन ने एक विकेट झटका.

इससे पहले बारिश की वजह से दूसरा टेस्ट मैच निर्धारित एक घंटा की देरी से शुरू हुआ. बारिश से प्रभावित दूसरे टेस्ट मैच में देरी से शुरू हुए मैच का पहला सेशन मिक्स रहा. पहले दिन के पहले सेशन में लंच तक बांग्लादेश की टीम ने दो विकेट खोकर 74 रन बनाए. बारिश और गीली आउटफील्ड की वजह से एक घंटा देरी से शुरू हुए मैच में पहले खेलने उतरी बांग्लादेश के ओपनर्स जाकिर हसन और शादमान इस्लाम ने संभलकर खेलना शुरू किया. 26 के स्कोर पर बांग्लादेश को पहला झटका तेज गेंदबाज आकाशदीप ने दिया और उन्हें गली में यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराकर आउट किया.

आकाशदीप ने इसके बाद बांगलादेश को दूसरा झटका दिया और 29 के स्कोर पर शादमान को एलबीडब्यु आउट किया. इसमें जाकिर जहां शून्य पर आउट हुए, वहीं शादमान ने 24 रनों का योगदान दिया. इसके बाद खेलने उतरे मोमिनुल हक और कप्तान नजमुल होसैन शांतो ने लंच तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम के स्कोर को 74 तक ले गए. लंच के दौरान फिर बारिश शुरू हो गई तो ग्रीनपार्क पर फिर से कवर्स आ गए. हालांकि दोपहर एक बजकर 25 मिनट पर फिर से खेल शुरू हो गया.

लंच के बाद शुरू हुए मैच में बांग्लादेश को तीसरा झटका अश्विन ने दिया. अश्विन ने बांगलादेश के कप्तान शांतों को एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन वापस भेजा. इसके बाद पहले खराब रोशनी की वजह से मैच रोका गया लेकिन इसके बाद यहां पर इतनी तेज बारिश हुई कि ग्राउंड पर पानी भर गया. जिसे देखते हुए पहले दिन के खेल का रद्द कर दिया गया. बांग्लादेश की टीम में मोमिनुल हक और मुशफिकुर रहमान क्रीज पर टिके हुए हैं.

