ABC News: कानपुर में एक बार फिर ट्रेन को पलटाने की साजिश का मामला सामने आया है. इस बार ठीक उसी तरह से ट्रेन को पलटाने की साजिश का प्रयास किया गया, जिस तरह से शिवराजपुर में कालिंदी एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश रची गई थी. इस बार सााजिशकर्ताओं के निशाने पर मालगाड़ी रही और उन्होंने महाराजपुर के प्रेमपुर स्टेशन की लूप लाइन में गैस सिलेंडर रखा था.

जैसे ही प्रेमपुर स्टेशन की लूप लाइन पर आ रही मालगाड़ी के ड्राइवर ने ट्रक पर सिलेंडर देखा तो उसने इमरजेंसी ब्रेक लगाते हुए ट्रेन को रोक दिया और संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी. रेलवे ट्रैक पर एक बार फिर गैस सिलेंडर रखे होने की सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया. सूचना पर रेलवे आईओडब्लू, सुरक्षा बलों सहित अन्य टीमें मौके पर पहुंच गईं. सिलेंडर को ट्रैक से हटाकर जांच की जा रही है. घटना सुबह पांच बजकर 50 मिनट की बताई जा रही है.

हालांकि, जब जांच की गई तो पांच लीटर का छोटा सिलेंडर खाली निकला. घटना की जानकारी मिलते ही आला अफसर मौके पर पहुंच गए हैं और जांच कर रहे हैं. गौरतलब हो कि बीती आठ सितंबर को ही कानपुर कासगंज रूट पर शिवराजपुर के पास रेलवे ट्रैक पर भरा सिलेंडर रखकर कालिंदी एक्सप्रेस का पलटाने की साजिश रची गई थी. इस मामले में पुलिस की अभी तक जांच चल रही है.

घटनास्थल पर बीयर के कैन भी मिले
यहां पर जांच करने पहुंची फोरेंसिक टीम को घटनास्थल के आसपास कई वस्तुएं मिली हैं. इसमें घटनास्थल पर बीयर के दो खाली कैन और नमकीन के खाली पैकेट मिले हैं. फोरेंसिक ने कुछ दूरी पर पैरों के निशानों की फोटो भी ली है. मौके पर डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया. उसने सिलेंडर और अन्य वस्तुओं को सूंघा और झाड़ियों तक गया और लौट आया. इसके बाद पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी ने झाड़ियों में तलाशी अभियान चलाया. यही नहीं, पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी ने स्टेशन और आसपास के क्षेत्र की कांबिंग भी की. गांवों के लोगों से पूछताछ की गई है, हालांकि घटना के संबंध में अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है. सिलेंडर और अन्य साक्ष्यों को लेकर टीम बाद में चली गई. इसके अलावा रेलवे इंटेलीजेंस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है. आपको बता दें कि इस बार जिस रूट को चुना गया, वह दिल्ली हावड़ा रूट रेलवे के अत्यंत व्यस्त मार्गों में से एक है. यही वजह है कि पुलिस अपनी जांच में फूंक फूंककर कदम रख रही है. बताया जा रहा है कि पांच किलो का जो सिलेंडर मिला है, उस पर कोई नंबर नहीं मिला है.

पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने मौके पर की जांच
रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर रखकर ट्रेन को एक बार फिर से डिरेल करने की कोशिश के मामले में सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं. पहले कालिंदी एक्सप्रेस और अब मालगाड़ी को डिरेल करने के लिए ठीक एक जैसी साजिश रची गई, उसने सुरक्षा एजेंसियों की उलझन को भी बढ़ा दिया है. 15 दिनों के अंदर जिस तरह से एक ही तरीके से दो ट्रेनों को पलटाने की साजिश रची गई.उसके बाद महाराजपुर के प्रेमपुर स्टेशन के पास कानपुर के पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार, एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर समेत अन्य पुलिस अधिकारी, आरपीएफ, जीआरपी आदि भी गहनता ने जांच में जुटी हैं. पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने यहां पर काफी देर तक जांच करने के साथ ही डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह से पूरे घटनाक्रम को जाना.उनका कहना है कि पांच किलो के सिलेंडर से ट्रेन डिरेल होगी या नहीं, इसको लेकर रेलवे इंजीनियर सही बात बता सकते हैं लेकिन रेलवे ट्रैक के आसपास जिस तरह से झाड़ियां उगी हैं, उसका फायदा कोई न कोई उठा सकता है. उन्होंने कहा कि रेलवे के अधिकारी जो भी तहरीर देते हैं, उस पर जीआरपी मुकदमा दर्ज करेगी लेकिन इस केस की इन्वेस्टीगेशन संयुक्त रूप से की जाएगी. जिससे किसी तरह का अवरोध न पैदा हो.गौरतलब हो कि पिछले दिनों ही पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने डीआरएम हिंमाशु बडोनी के साथ रेल ट्रैक का जायजा लिया था, जिसमें रेलवे ट्रैक के किनारे अवैध रूप से बनी झुग्गी झोपड़ियों को हटाने के लिए कार्ययोजना बनी थी.
